ईरान ने जारी किए मीनाब स्कूल पर हमले का आदेश देने वाले अमेरिकी अधिकारियों के नाम
क्या है खबर?
ईरान ने सार्वजनिक रूप से 2 अमेरिका की नौसेना के अधिकारियों पर मीनाब के एक स्कूल पर टॉमहॉक मिसाइल हमले के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया है, जिसमें लगभग 175 लोगों की मौत हो गई थी। भारत, दक्षिण अफ्रीका और नाइजीरिया में ईरान के दूतावासों ने अधिकारियों की तस्वीरें साझा करते हुए उनके नाम जारी किए हैं। इनमें एक को कमांडिंग ऑफिसर ली आर टेट और दूसरे को USS स्प्राउंस के कार्यकारी अधिकारी जेफरी ई यॉर्क बताया है।
पोस्ट
ईरान ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा?
भारत में ईरानी दूतावास ने एक्स पर लिखा, 'इन 2 अपराधियों को याद रखें। USS स्प्रुआंस के कमांडिंग ऑफिसर ली आर टेट और कार्यकारी अधिकारी जेफरी ई यॉर्क, जिन्होंने 3 बार टॉमहॉक मिसाइलों को लॉन्च करने का आदेश दिया, जिसके परिणामस्वरूप मिनाब के एक स्कूल में 168 निर्दोष बच्चों की मौत हो गई।' ईरान ने दोनों अधिकारियों को अपराधी बताया और कहा कि ये अधिकारी अपने कार्यों को किसी भी तरह से उचित नहीं ठहरा सकते हैं।
आरोप
ईरान ने हमले को सुनियोजित बताया
जिनेवा में हुई एक बहस में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शजारेह तैय्येबेह गर्ल्स स्कूल पर हुए हमले को संघर्ष के पहले दिन की गई एक सुनियोजित और चरणबद्ध कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि इस हमले में 175 से अधिक छात्राएं और शिक्षक मारे गए। इस बीच अमेरिकी सेना की एक समीक्षा में संभावित गलती की ओर इशारा किया गया है। उसके अनुसार, लक्ष्य की पहचान करने के लिए पुरानी खुफिया जानकारी का इस्तेमाल किया गया था।
जांच
आरोप-प्रत्यारोप के बीच जांच जारी
अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि जांच अभी जारी है और कई अहम सवाल अनसुलझे हैं, जिनमें यह भी शामिल है कि खुफिया जानकारी की ठीक से जांच क्यों नहीं की गई। अमेरिका का कहना है कि वह नागरिक ठिकानों को निशाना नहीं बनाता है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सुझाव दिया कि इसके लिए ईरान स्वयं भी जिम्मेदार हो सकता है, यह दावा करते हुए कि उसकी हथियार प्रणालियां अक्सर सटीक नहीं होती हैं।