LOADING...
लेबनान पर इजरायली हमलों से भड़का ईरान, राष्ट्रपति पेजेश्कियन बोले- हमारी उंगली ट्रिगर पर रहेगी
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने इजरायल को चेतावनी दी

लेबनान पर इजरायली हमलों से भड़का ईरान, राष्ट्रपति पेजेश्कियन बोले- हमारी उंगली ट्रिगर पर रहेगी

लेखन गजेंद्र
Apr 09, 2026
06:33 pm

क्या है खबर?

अमेरिका और ईरान के बीच 2 हफ्तों के युद्धविराम सहमति के बाद भी इजरायल लेबनान पर हमला जारी रखे है, जिससे ईरान बुरी तरह भड़क गया है। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने अपना बयान जारी कर कहा कि लेबनान में घुसना और हमला करना संघर्ष विराम समझौते का खुला उल्लंघन है। राष्ट्रपति ने कहा कि यह धोखेबाजी है और अगर यह जारी रहता है तो बातचीत को बेमानी बना देगा। ईरान ने इजरायल को हमले की चेतावनी भी दी है।

बयान

ईरान लेबनान के भाई-बहनों को अकेला नहीं छोड़ेगा- पेजेश्कियन

राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने एक्स पर लिखा, 'लेबनान में इज़राइल का फिर से घुसना और बार-बार की आक्रामकता, शुरुआती संघर्ष-विराम समझौते का खुला उल्लंघन है। यह धोखेबाजी और भविष्य के समझौतों के प्रति प्रतिबद्धता की कमी का एक खतरनाक संकेत है। इन आक्रामक कार्रवाईयों का जारी रहना बातचीत को बेमानी बना देगा। हमारी उंगलियां ट्रिगर पर ही रहेंगी। ईरान अपने लेबनानी भाई-बहनों को कभी अकेला नहीं छोड़ेगा।'

हमला

इजरायल और अमेरिका ने युद्धविराम में लेबनान को शामिल करने से इनकार किया

अमेरिका और ईरान के बीच 2 हफ्तों का अस्थायी युद्धविराम हुआ है, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने और हमले रोकने की शर्त थी। हालांकि, इजरायल ने लेबनान के खिलाफ युद्धविराम समझौता मानने से इनकार कर दिया और कुछ ही घंटों में बेरूत और 100 जगह सबसे बड़ा हमला किया, जिसमें 250 से अधिक लोग मारे गए। हिज्बुल्लाह ने भी इसके जवाब में रॉकेट दागे। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी एक साक्षात्कार में स्पष्ट किया कि युद्धविराम में लेबनान शामिल नहीं है।

Advertisement