ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन बोले- मोजतबा खामेनेई से बात करना बेहद मुश्किल है
क्या है खबर?
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने बुधवार को एक साक्षात्कार में कहा कि नवनियुक्त सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई से संवाद करना इस समय बेहद मुश्किल है, लेकिन उनकी उपस्थिति मजबूती दे रही है। पेजेश्कियन ने यह बात ईरानी सरकारी मीडिया IRIB को दिए साक्षात्कार में कही है। उन्होंने कहा कि कुछ समूह मोजतबा की नकारात्मक छवि पेश करके विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उन्होंने ईरान के तनावपूर्ण दौर में समर्थन प्रदान करने में भूमिका बनाए रखी।
बयान
मोजतबा के बारे में क्या बोले पेजेश्कियन?
पेजेश्कियन ने कहा, "मुजतबा खामेनेई से बातचीत करना अब बहुत मुश्किल है, लेकिन उनकी मौजूदगी हमारे लिए ताकत का बड़ा जरिया है, जिससे हम इस प्रक्रिया को जारी रख पाते हैं।"
उन्होंने हाल में हुई एक निर्णय प्रक्रिया का जिक्र कर कहा कि मोजतबा ने परिषद की समीक्षा के परिणाम को स्वीकार कर लिया, जब प्रस्ताव को 13 में 12 वोट मिले थे।
उन्होंने कहा कि मोजतबा को राजनीतिक विभाजन चाहने वाले लोग अलग तरह से चित्रित कर रहे हैं।
बयान
विदेश से लौटने वालों लोगों के प्रति नरम थे अली खामेनेई
पेजेश्कियन ने अमेरिकी-इजरायल हमले में मारे गए दिवंगत सर्वोच्च नेता अली खामेनेई को लेकर कहा कि वह इस बात पर सहमत थे कि विदेश में रहने वाले ईरानियों को वापस लौटने पर किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अली खामेनेई चाहते थे कि अगर किसी को कोई समस्या भी हो, तो भी हमें उनसे वापस आने के लिए कहना चाहिए, न कि यहां पहुँचने पर उन्हें गिरफ़्तार कर लेना चाहिए, उनकी योजना आसान आवाजाही की थी।
गायब
मोजतबा को लेकर उठ रहे कई सवाल
अली खामेनेई की 28 फरवरी को मौत के बाद उनके छोटे बेटे मोजतबा खामेनेई को सर्वोच्च नेता बनाया गया है, लेकिन पद संभालने के बाद से मोजतबा सामने नहीं आए हैं। अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी मोजतबा नहीं दिखे।
कई मीडिया रिपोर्ट्स में मोजतबा को गंभीर घायल बताया गया है, जिसकी ठीक होने की गुंजाइश कम है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी ऐसा दावा कर चुके हैं।
मोजतबा अभी लिखित और मौखिक तौर पर बयान जारी करते हैं।