ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से निकलने वाले जहाजों पर टोल की मंजूरी दी, इतना लगेगा शुल्क
क्या है खबर?
ईरान की संसद की सुरक्षा समिति ने होर्मुज जलडमरूमध्य के लिए नई प्रबंधन योजना को मंजूरी दी है, जिसके तहत अब जहाजों पर शुल्क लगाया जाएगा। इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (IRIB) ने बताया कि इस योजना के तहत रणनीतिक जलमार्ग से गुजरने वाले जहाजों के लिए ईरानी रियाल मुद्रा आधारित टोल प्रणाली लागू की जाएगी। साथ ही, अमेरिकी और इजरायली सहित ईरान के खिलाफ प्रतिबंधों में शामिल अन्य देशों के जहाजों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रतिबंध
संसद में पारित होगा विधेयक
ईरानी राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग द्वारा पारित इस विधेयक में रणनीतिक जलमार्ग को नियंत्रित करने वाले कई नए नियमों की रूपरेखा दी गई है। इसमें समुद्री सुरक्षा, पोत सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जलडमरूमध्य से आवागमन को नियंत्रित करने वाले वित्तीय तंत्र से संबंधित प्रावधान भी शामिल हैं। आयोग के सदस्य मोजतबा ज़ारेई ने कहा कि कानून बनने से पहले विधेयक को संसद में पारित होना होगा, फिर गार्जियन काउंसिल द्वारा समीक्षा की जाएगी और राष्ट्रपति इस पर हस्ताक्षर करेंगे।
सीमा
इन देशों को अभी मिली है मंजूरी
अभी होर्मुज जलडमरूमध्य से चीनी मालवाहक जहाज, रूसी जहाज और भारतीय ध्वज वाले कई LPG टैंकरों को गुजरने की अनुमति मिली है। पाकिस्तानी ध्वज वाले कई जहाज, इराक, मलेशिया और थाईलैंड ने भी अपने जहाजों को पारगमन की अनुमति प्राप्त कर ली है। इसके अलावा, ईरान ने संयुक्त राष्ट्र को बताया है कि "गैर-शत्रुतापूर्ण जहाज", यानी वे जहाज जो ईरानी अधिकारियों के साथ समन्वय करते हैं और हमलों में भाग नहीं लेते हैं, तो वे जलडमरूमध्य से गुजर सकते हैं।
शुल्क
कितना लगेगा शुल्क?
ईरान ने अभी जहाजों पर लगाए जाने वाले शुल्क का खुलासा नहीं किया है, लेकिन समुद्री निगरानी एजेंसियों और उद्योग जगत से प्राप्त रिपोर्टों के मुताबिक, तेहरान जहाजों के प्रति पारगमन के लिए 20 लाख डॉलर (18.87 करोड़ रुपये) तक का शुल्क वसूल सकता है। बताया जा रहा है कि यह उच्च राशि तेहरान को बढ़े हुए जोखिमों की भरपाई करने और क्षेत्र में जहाजरानी पर अपना प्रभुत्व स्थापित करने के उद्देश्य से है।