अयातुल्लाह खामेनेई के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता बने अयातुल्लाह अराफी भी मारे गए- रिपोर्ट
क्या है खबर?
ईरान से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ईरान के नवनियुक्त अंतरिम सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अलीरेजा अराफी की अमेरिका और इजरायली हमलों में मौत हो गई है। अराफी ने अयातुल्लाह अली खामेनेई की हत्या के बाद पदभार संभाला था। हालांकि, कुछ घंटे बाद हुए हमलों में उनकी मौत हुई है। अभी तक ईरानी सरकारी मीडिया या अधिकारियों की ओर से दावे की पुष्टि नहीं हुई है।
मौत
खामेनेई और उनके परिवार की मौत
खामेनेई की मौत की पुष्टि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की थी। हालांकि, शुरुआत में ईरान ने उन दावों को खारिज कर दिया था। उसके बाद रविवार सुबह ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने उनकी मौत की पुष्टि करते हुए दुख जताया था और 40 दिन के सार्वजनिक शोक की घोषणा की थी। इजरायल के हमलों में खामेनेई की बेटी, दामाद, पोती और बहू की भी मौत हुई है।
पहचान
अराफी कौन हैं?
अराफी का जन्म ईरान के यज्द प्रांत के मेयबोद में हुआ था। उनके पास भी अयातुल्ला की उपाधि है, जो दर्शाती है कि वे मुजतहिद (एक वरिष्ठ इस्लामी विद्वान) हैं। संरक्षक परिषद के सदस्य होने के साथ-साथ वे विशेषज्ञों की सभा के भी सदस्य हैं। उन्होंने विशेषज्ञों की सभा के दूसरे उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है। वे अल-मुस्तफा अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय के अध्यक्ष रह चुके हैं। वह अरबी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में धाराप्रवाह हैं।