जिस अमेरिकी-इजरायली हमले में अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हुई, उसमें मोजतबा बाल-बाल बचे- रिपोर्ट
क्या है खबर?
ब्रिटेन के एक अखबार ने खुलासा किया है कि 28 फरवरी को जिस अमेरिकी-इजरायली हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हुई थी, उसमें उनके बेटे मोजतबा बाल-बाल बच गए थे। द टेलीग्राफ के मुताबिक, हमले से ठीक पहले मोजतबा अपने परिसर से बाहर निकलकर बगीचे में टहलने निकल गए थे। उस हमले में अली खामेनेई के परिवार के कई सदस्य मारे गए थे। हालांकि, उनकी पत्नी और बेटा बच गया।
हमला
एक ऑडियो से हुआ खुलासा
रिपोर्ट के मुताबिक, यह खुलासा ईरानी अधिकारियों के बीच हुए एक बैठक से कथित तौर पर लीक हुई ऑडियो रिकॉर्डिंग से हुआ है। बैठक में खामेनेई कार्यालय के प्रोटोकॉल प्रमुख मजाहेर हुसैनी ने ईरानी अधिकारियों से कहा, "ईश्वर की इच्छा थी कि मोजतबा को कुछ काम करने के लिए आंगन में जाना पड़े और फिर वापस लौटना पड़े।" होसैनी ने कहा, "वह बाहर थे और ऊपर की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने (अमेरिका-इजरायल) इमारत पर मिसाइल से हमला किया।"
ऑडियो
ऑडियो में तबाही के मंजर का जिक्र
रिपोर्ट के अनुसार, मोजतबा के इमारत छोड़ने के तुरंत बाद 3 इजरायली बैलिस्टिक मिसाइलों ने परिसर पर हमला किया था, जिसमें खामेनेई के परिवारों के सदस्यों की मौत हुई थी। एक मिसाइल उस हिस्से पर गिरी जहां खामेनेई मौजूद थे। दूसरी मिसाइल ऊपरी मंजिल पर स्थित मोजतबा के आवास पर गिरी। ऑडियो में बताया गया कि हमले में ईरानी सैन्य प्रमुख मोहम्मद शिराज़ी के टुकड़े-टुकड़े हो गए, मोजतबा के बहनोई, मिस्बाह अल-हुदा बाघेरी का सिर दो हिस्सों में कट गया।
सवाल
मोजतबा के जीवित होने पर सवाल?
28 फरवरी को अली खामेनेई की मौत के बाद रमजान के 19वें दिन उनके छोटे बेटे मोजतबा को नया सर्वोच्च नेता बनाया गया है। हालांकि, अभी तक वह सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। उनका एक ऑडियो भाषण जारी किया गया था, जिसमें उन्होंने अमेरिका-इजरायल से मुकाबला करने की बात कही थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनके मौत की संभावना जताई है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भी उनके कोमा में होने की खबरें सामने आ रही हैं।