ईरान युद्ध समाप्त करने को तैयार, होर्मुज को खोलने के लिए अमेरिका को दिया प्रस्ताव
क्या है खबर?
अमेरिका के साथ युद्धविराम के बीच ईरान ने एक बार फिर संघर्ष को खत्म करने की इच्छा जताई है। अमेरिकी वेबसाइट एक्सियोस ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि ईरान ने अमेरिका को होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और युद्ध समाप्त करने के लिए एक नया प्रस्ताव दिया है। अमेरिकी अधिकारी और 2 सूत्रों के हवाले से बताया गया कि जब होर्मुजल और युद्ध समाप्ति पर सहमति बन जाएगी, तब ईरान परमाणु मुद्दे पर वार्ता को तैयार है।
मांग
अराघची ने इस्लामाबाद में परमाणु मुद्दा उठाया
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले दिनों ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पाकिस्तान की यात्रा के दौरान परमाणु मुद्दे को दरकिनार करने की योजना का मुद्दा उठाया था। अराघची ने पाकिस्तानी, मिस्री, तुर्की और कतरी मध्यस्थों को स्पष्ट कर दिया है कि अमेरिकी मांगों को लेकर ईरानी नेतृत्व में कोई सहमति नहीं है। ईरान ने पाकिस्तानी मध्यस्थों के माध्यम से अमेरिका को दिए नए प्रस्ताव में सबसे पहले जलडमरूमध्य संकट और अमेरिकी नाकाबंदी हल करने पर ध्यान केंद्रित किया है।
प्रस्ताव
ईरान के नए प्रस्ताव में क्या है?
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के नए प्रस्ताव में युद्धविराम को लंबी अवधि के लिए बढ़ाने या दोनों पक्ष के युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करने पर सहमत होने की मांग है। ईरानी प्रस्ताव के अनुसार, परमाणु वार्ता तभी शुरू होगी जब होर्मुज जलडमरूमध्य खुल जाएगा और नाकाबंदी हटा ली जाएगी। व्हाइट हाउस को यह प्रस्ताव मिल चुका है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि अमेरिका इस पर विचार करने को तैयार है या नहीं।
वार्ता
बिना बातचीत पाकिस्तान से लौटे थे अराघची
अराघची पिछले हफ्ते इस्लामाबाद की यात्रा पर गए थे, लेकिन अमेरिका के साथ कोई बातचीत न होने पर संकट और गहरा गया है। व्हाइट हाउस ने घोषणा की थी कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ और उनके दामाद जेरेड कुशनर इस्लामाबाद में अराघची से मुलाकात करेंगे, लेकिन ईरानियों ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद ट्रंप ने यात्रा कर दी। सोमवार को अराघची के मॉस्को जाने और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने की उम्मीद थी।