LOADING...
अमेरिका और इजरायल के हमले में IRGC के खुफिया प्रमुख माजिद खादेमी मारे गए
ईरान के IRGC खुफिया प्रमुख माजिद खादेमी की मौत

अमेरिका और इजरायल के हमले में IRGC के खुफिया प्रमुख माजिद खादेमी मारे गए

लेखन गजेंद्र
Apr 06, 2026
01:40 pm

क्या है खबर?

अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) के खुफिया प्रमुख माजिद खादेमी की मौत हो गई है। यह पुष्टि IRGC ने सोमवार को की। बताया जा रहा है कि संयुक्त हमले में सोमवार को ईरान के कई प्रांतों में कुल 34 लोगों की मौत हुई है, जिसमें 6 बच्चे भी शामिल हैं। ईरानी सेना IRGC ने 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध में अब तक अपने कई प्रमुखों को खो दिया है।

हमला

एक हफ्ते में IRGC के 2 प्रमुख लोगों की मौत

एक दिन पहले ही संयुक्त हमले में IRGC नौसेना खुफिया विभाग के उप प्रमुख बेहनम रेजाई की मौत हुई थी। इससे एक हफ्ते पहले गुरुवार को IRGC के नौसेना कमांडर अलीरेज़ा तंगसिरी मारे गए थे। वे एक अनुभवी कट्टरपंथी थे और होर्मुज जलडमरूमध्य के रणनीतिक महत्व को कई लोगों से बेहतर समझते थे। बता दें कि ईरान भी इजरायल और खाड़ी देशों पर अपने हमले जारी रखे हुए है। सोमवार को इजरायल में 2 लोगों की मौत हुई है।

पहचान

5 दशक से सेवा दे रहे थे खादेमी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खादेमी को जून 2025 में IRGC का खुफिया प्रमुख बनाया गया था। IRGC ने एक बयान में बताया कि खादेमी ने लगभग 5 दशकों तक ईरान के खुफिया और सुरक्षा तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके कई जानकारियां थीं। बता दें कि उनके पूर्ववर्ती मोहम्मद काजेमी भी इजरायली हमलों में मारे गए थे, जो कि IRGC के एक वरिष्ठ खुफिया प्रमुख की लगातार दूसरी मौत थी।

Advertisement