ईरान का आरोप- अमेरिका ने भारत जा रहे मानवीय सहायता विमान को निशाना बनाया
क्या है खबर?
ईरान ने आरोप लगाया है कि अमेरिका ने मशहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारत जा रहे महान एयर के एक मानवीय सहायता विमान को निशाना बनाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान मशहद हवाई अड्डे पर खड़ा था और एक सहायता अभियान के तहत नई दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला था। ईरान का दावा है कि इससे मानवीय मिशन बाधित हुआ है। हालांकि, वाशिंगटन की ओर से तत्काल कोई पुष्टि नहीं की गई है।
हमला
हमले में घायलों और हताहतों की पुष्टि नहीं
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हवाई अड्डे पर अमेरिकी हमले में महान एयर का विमान क्षतिग्रस्त हुआ है। हालांकि, अभी तक घायलों और हताहतों की जानकारी नहीं मिली है। यह घटना ऐसे समय में घटी है, जब ईरान भारत के साथ मानवीय सहायता सामग्री भेजने का समन्वय कर रहा है। बता दें कि महान एयर अमेरिकी प्रतिबंधों के अधीन है। वाशिंगटन का आरोप है कि इसके ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) से संबंध हैं, जिसे तेहरान नकारता आया है।
निंदा
भारत में ईरानी दूतावास ने निंदा की
भारत में ईरानी दूतावास ने घटना की निंदा करते हुए एक्स पर लिखा कि ईरानी हवाई अड्डे पर ईरानी विमान पर अमेरिकी-इजरायली हमला एक युद्ध अपराध और अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन है। दूतावास ने कहा कि यह विमान कई देशों से ईरान के लिए दवाएं और चिकित्सा उपकरण ले जा रहा था और मशहद हवाई अड्डे पर उतरा था। दूतावास ने शिकागो कन्वेंशन (1944), मॉन्ट्रियल कन्वेंशन (1971) और जिनेवा कन्वेंशन के तहत इसे 'युद्ध अपराध' माना है।
जानकारी
मुकदमा चलाने की मांग
ईरान के नागरिक उड्डयन संगठन ने अंतरराष्ट्रीय निकायों से आग्रह किया कि वे इस हमले पर तत्काल ध्यान दें और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर मुकदमा चलाएं। संगठन ने नागरिक उड्डयन के खिलाफ इस तरह के खतरों की पुनरावृत्ति को रोकने का आग्रह किया है।