LOADING...
अबू धाबी के खलीफा आर्थिक क्षेत्र में बैलिस्टिक मिसाइल का मलबा गिरा, 5 भारतीय घायल
अबू धाबी में बैलिस्टिक मिसाइल का मलबा गिरने से 5 भारतीय घायल (फाइल तस्वीर)

अबू धाबी के खलीफा आर्थिक क्षेत्र में बैलिस्टिक मिसाइल का मलबा गिरा, 5 भारतीय घायल

लेखन गजेंद्र
Mar 28, 2026
12:29 pm

क्या है खबर?

पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच शनिवार तड़के संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी पर बैलिस्टिक मिसाइल हमला हुआ, जिसे रोक दिया गया। हालांकि, इसके मलबे से नुकसान हुआ है। अबू धाबी मीडिया कार्यालय ने बताया कि खलीफा आर्थिक क्षेत्र अबू धाबी (KEZAD) के आसपास हवाई रक्षा प्रणालियों ने एक बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक रोक दिया। मिसाइल का मलबा गिरने से 5 भारतीय नागरिकों को मामूली चोटें आई हैं।

हमला

आसपास के इलाके में लगी आग

मीडिया कार्यालय ने बताया कि मिसाइल का मलबा गिरने के बाद KEZAD में आसपास के कुछ हिस्सों में आग लग गई, जिससे काफी नुकसान हुआ है। UAE में अमेरिकी कब्जे वाले ठिकानों पर भी ड्रोन और मिसाइल से हमला हुआ है। यहां सेना हमलों को रोकने के लिए डटी हुई है। इसके अलावा, सऊदी अरब में ईरान से आ रहे 3 ड्रोन को रोका गया है। कुवैत में भी 24 घंटे में 6 ड्रोन मार गिराए गए हैं।

हमला

इजरायल पर भारी हमले की संभावना

थिंक टैंक युद्ध अध्ययन संस्थान ने विश्लेषण किया कि ईरान इजरायल पर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमले कर सकता है। बताया जा रहा है कि ईरान इजरायली नागरिकों पर मनोवैज्ञानिक प्रभाव डाल रहा है, ताकि लोग लगातार शरण लेने के लिए मजबूर हों और देश को निरंतर सतर्कता की स्थिति में रखा जा सके। रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान के क्लस्टर बमों से इजरायल पर कम प्रभाव को देखते हुए ईरान मनोवैज्ञानिक प्रभाव डाल रहा है।

Advertisement