LOADING...
ईरान ने अबू धाबी और बहरीन पर किए हमले, UAE ने सक्रिय की वायु रक्षा प्रणाली
ईरान पश्चिमी एशियाई देशों पर लगातार हमले कर रहा है

ईरान ने अबू धाबी और बहरीन पर किए हमले, UAE ने सक्रिय की वायु रक्षा प्रणाली

Mar 07, 2026
01:07 pm

क्या है खबर?

ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजराइल युद्ध लगातार बढ़ता जा रहा है। इजरायल और अमेरिका के हमलों के चलते ईरान पश्चिम एशिया के कई देशों में अमेरिकी और इजरायली सुविधाओं को लगातार अपना निशाना बना रहा है। इस कड़ी में उसने अबू धाबी, दुबई, कतर और बहरीन पर कई मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) सरकार ने अपने वायु रक्षा प्रणाली को सक्रिय करते हुए ईरान से शांति की अपील की है।

हमला

दुबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्रोन हमला

UAE के दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के ऊपर एक ईरानी ड्रोन में विस्फोट होने से दुबई जाने वाली कई उड़ानों का संचालन बंद कर दिया गया। इसी तरह दुबई में 2 धमाकों की आवाजें भी सुनी गई और बहरीन की राजधानी मनामा में भी एक धमाके की खबर है। सऊदी अरब के प्रिंस खालिद बिन सलमान ने ईरान से गलत अनुमान लगाने से बचने की सलाह दी है। इन धमाकों के बाद दुबई के लोगों में दहशत फैली हुई है।

प्रणाली

UAE सरकार ने सक्रिय की वायु रक्षा प्रणाली

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, UAE के रक्षा मंत्रालय ने हमलों के बाद अपनी वायु रक्षा प्रणालियों को सक्रिय कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि UAE के कुछ हिस्सों में सुनाई देने वाली तेज आवाजें रक्षा प्रणालियों द्वारा बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोनों को रोकने के कारण थीं। अधिकारियों ने पुष्टि की कि अवरोधन अभियान जारी हैं और जनता से आग्रह किया कि स्थिति के विकास के साथ-साथ आधिकारिक सलाह और चेतावनियों का भी पालन करें।

Advertisement

निशाना

ईरान ने प्रिंस सुल्तान एयर बेस को भी बनाया निशाना

ईरान ने सऊदी अरब के अबू धाबी स्थित प्रिंस सुल्तान एयर बेस को भी निशाना बनाकर 2 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थी। हालांकि, वहां की वायु रक्षा प्रणालियों ने उन्हें नाकाम कर दिया। सऊदी अरब रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने देश के दक्षिणी हिस्से में 4 ड्रोन को भी रोका और उसी एयर बेस को निशाना बनाकर दागी गई एक अन्य बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराया। ये हमले क्षेत्र में बढ़ते तनाव को उजागर करते हैं।

Advertisement

जानकारी

कतर और कुवैत में भी हुई कई हमले

कतर और कुवैत को भी ड्रोन हमलों का सामना करना पड़ा है। ईरान ने 15 ड्रोन दागे हैं। कतर रक्षा मंत्रालय ने कहा कि 9 ड्रोनों को रोक दिया गया, जबकि एक ड्रोन दूरस्थ क्षेत्र में गिरा और उससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।

मौत

युद्ध में अब तक कितनी मौतें हुईं?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 28 फरवरी को युद्ध की शुरुआत के बाद ईरान में 1,230 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी तरह लेबनान में 70 से अधिक लोग मारे गए हैं। इजरायल में लगभग एक दर्जन लोगों की मौत हुई और 6 अमेरिकी सैनिक भी मारे गए हैं। अमेरिकी सेना ने अपने सैन्य अभियान में वृद्धि की घोषणा करते हुए कहा कि 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' के पहले सप्ताह में 3,000 से अधिक लक्ष्यों पर हमले किए गए हैं।

मंजूरी

अमेरिका ने इजराइल को 12,000 हवाई बम बेचने की मंजूरी दी

अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि अमेरिका ने इजरायल को 16 करोड़ डॉलर (1,440 करोड़ रुपये) मूल्य के 12,000 BLU-110A/B सामान्य प्रयोजन बमों की बिक्री को मंजूरी दे दी है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब इजरायल और अमेरिका ईरान के खिलाफ उच्च तीव्रता वाले युद्ध में लगे हुए हैं। इस मंजूरी से इजरायल को हमला करने के लिए बमों की कमी नहीं रहेगी और वह पूरी ताकत से हमला करना जारी रख सकेगा।

Advertisement