ईरान और ओमान ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर किया बड़ा फैसला, नए समुद्री रास्तों पर हुए सहमत
क्या है खबर?
ईरान और ओमान ने रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण हॉर्मुज जलडमरूमध्य के लिए नए प्रवेश और निकास मार्गों पर अंतिम सहमति बना ली है। ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, यह समझौता दोनों देशों के बीच हुई गहन तकनीकी और राजनयिक वार्ताओं के बाद हुआ है। इसके तहत जहाजों के प्रवेश का पूरा रास्ता ईरान के क्षेत्रीय जलक्षेत्र के भीतर स्थित होगा, जबकि निकास मार्ग का बड़ा हिस्सा ईरानी नियंत्रण वाले पानी से गुजरेगा।
खारिज
अमेरिका की मांग खारिज, दक्षिणी मार्ग होगा बंद
इस समझौते से क्षेत्र में अमेरिका और ईरान के बीच टकराव और बढ़ने की आशंका है। नया सिस्टम लागू होते ही जलडमरूमध्य का 'दक्षिणी मार्ग' पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
अमेरिका लगातार इस दक्षिणी मार्ग को खुला रखने का दबाव बना रहा था, जो हालिया तनावों का एक मुख्य केंद्र रहा है।
सूत्रों के अनुसार, इस समझौते का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि हॉर्मुज को पूरी तरह खोल दिया गया है। यह अभी भी शर्तों के अधीन है।
विवरण
मस्कट बैठक में खाड़ी देशों को दिया जाएगा विवरण
इस द्विपक्षीय समझौते के विवरण को सोमवार को ओमान की राजधानी मस्कट में होने वाली एक क्षेत्रीय बैठक में फारस की खाड़ी के अन्य तटीय देशों के सामने रखा जाएगा।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने बताया कि इस बैठक में खाड़ी देशों के विदेश मंत्रियों के साथ-साथ ईरान और इराक के प्रतिनिधि भी शामिल हो सकते हैं।
हालांकि, अन्य देशों को केवल इस समझौते के नतीजों की जानकारी दी जाएगी।
टकराव
जलडमरूमध्य में बढ़ा सैन्य टकराव
यह कूटनीतिक समझौता ऐसे समय पर आया है जब हॉर्मुज जलडमरूमध्य एक युद्धक्षेत्र में तब्दील हो चुका है।
रविवार सुबह ही केश्म द्वीप के पास एक ईरानी वाणिज्यिक जहाज पर अज्ञात मिसाइल से हमला किया गया, जिसमें चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई और 4 अन्य घायल हो गए।
दूसरी ओर, अमेरिकी सेना ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी बनाए हुए है और लगातार ईरानी ध्वज वाले जहाजों को निशाना बना रही है।