LOADING...
इंडोनेशिया के बेकासी में खड़ी ट्रेन से टकराई लंबी दूरी की ट्रेन, अब तक 14 मौत
इंडोनेशिया के बेकासी में 2 ट्रेन आपस में टकराई

इंडोनेशिया के बेकासी में खड़ी ट्रेन से टकराई लंबी दूरी की ट्रेन, अब तक 14 मौत

लेखन गजेंद्र
Apr 28, 2026
09:54 am

क्या है खबर?

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से सटे बेकासी में सोमवार देर रात 2 ट्रेनों की टक्कर हो गई, जिसमें 14 लोगों के मारे जाने की खबर है। सरकारी रेलवे कंपनी पीटी केरेटा एपी इंडोनेशिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बॉबी रसीदीन ने बताया कि मंगलवार सुबह तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। रसीदीन ने बताया कि कम से कम 84 लोग घायल हैं। ट्रेन के मलबे में फंसे शवों को निकालने का काम जारी है।

हादसा

रुकी हुई ट्रेन के पिछले डिब्बे से टकराई थी दूसरी ट्रेन

सोमवार रात को जकार्ता के बाहरी इलाके बेकासी तिमुर स्टेशन पर एक यात्री रुकी हुई थी। तभी एक लंबी दूरी की ट्रेन अर्गो ब्रोमो अंगग्रेक ने उसके पिछले डिब्बे में टक्कर मार दी। जिस डिब्बे में ट्रेन की टक्कर लगी, वह डिब्बा केवल महिलाओं के लिए आरक्षित था। घटना के बाद तेज धमाके की आवाज आई और चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि अर्गो ब्रोमो अंगग्रेक ट्रेन में सवार सभी 240 यात्रियों को कोई चोट नहीं आई।

हादसे

इंडोनेशिया में रेल हादसे ज्यादा

इंडोनेशिया की राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा समिति (KNKT) ने रेल दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद प्रभावित लाइन पर ट्रेनों का आवागमन रोक दिया गया है। बता दें कि इंडोनेशिया के पुराने रेल नेटवर्क पर दुर्घटनाएं आम बात हो गई हैं। जनवरी 2024 में, पश्चिम जावा प्रांत में दो ट्रेनों की टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम 4 लोगों की मौत हुई थी। देश में 2019 से 2023 तक करीब 63 रेल हादसे हुए हैं।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रेन

Advertisement