LOADING...
अमेरिका में ChatGPT को लेकर OpenAI पर हुआ नया मुकदमा, क्या है पूरा मामला?
अमेरिका में ChatGPT को लेकर OpenAI पर हुआ नया मुकदमा

अमेरिका में ChatGPT को लेकर OpenAI पर हुआ नया मुकदमा, क्या है पूरा मामला?

Jun 12, 2026
10:48 am

क्या है खबर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI अमेरिका में एक बार फिर कानूनी विवाद में घिर गई है। कंपनी पर आरोप लगाया गया है कि उसका AI चैटबॉट ChatGPT एक युवती को आत्महत्या से बचाने में नाकाम रहा। इस मामले में अमेरिकी नागरिक क्रिस्टी कैरियर ने अपनी बेटी एलिस की मौत को लेकर मुकदमा दायर किया है। शिकायत में दावा किया गया है कि ChatGPT के साथ हुई बातचीत के दौरान कंपनी के सुरक्षा उपाय पर्याप्त नहीं थे।

मामला

क्या है पूरा मामला?

अमेरिका की रहने वाली एलिस ने अपनी मौत से कुछ महीने पहले ChatGPT के साथ आत्महत्या से जुड़े विचारों और योजनाओं पर बातचीत की थी। आरोप है कि चैटबॉट ने बातचीत को रोकने या स्थिति की गंभीरता को पहचानकर परिवार को सचेत करने जैसा कोई कदम नहीं उठाया। एलिस की 2 जुलाई, 2025 को मौत हो गई थी। परिवार का कहना है कि अगर समय रहते कोई सुरक्षा कदम उठाया जाता, तो शायद यह दुखद घटना टाली जा सकती थी।

आरोप

OpenAI पर लगाए गए गंभीर आरोप

मुकदमा करने वालों का आरोप है कि OpenAI के कुछ डिजाइन फैसलों ने जोखिम को कम करने के बजाय बढ़ाया। शिकायत में लापरवाही और गलत तरीके से मौत होने के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही अदालत से यह मांग भी की गई है कि कंपनी को अपने AI प्लेटफॉर्म में और मजबूत सुरक्षा उपाय लागू करने का निर्देश दिया जाए। मामले से जुड़े वकीलों का कहना है कि AI कंपनियों को ऐसे संवेदनशील मामलों में ज्यादा जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

Advertisement

सवाल

पहले भी उठ चुके हैं सुरक्षा पर सवाल

यह पहला मौका नहीं है जब किसी AI चैटबॉट की सुरक्षा पर सवाल उठे हों। इससे पहले भी अमेरिका में OpenAI, कैरेक्टर AI और जेमिनी जैसे प्लेटफॉर्म अलग-अलग मामलों में कानूनी चुनौतियों का सामना कर चुके हैं। OpenAI ने पिछले साल पैरेंटल कंट्रोल शुरू किए थे और हाल ही में आत्महत्या से जुड़े संकेत मिलने पर मदद पहुंचाने वाला एक फीचर भी जोड़ा है। हालांकि, यह सुविधा फिलहाल वैकल्पिक है और सभी यूज़र्स के लिए अपने-आप सक्रिय नहीं होती।

Advertisement