Page Loader
दुबई: दो आम चुराने के आरोप में गिरफ्तार हुआ था भारतीय, हो सकती है जेल

दुबई: दो आम चुराने के आरोप में गिरफ्तार हुआ था भारतीय, हो सकती है जेल

Sep 13, 2019
05:26 pm

क्या है खबर?

दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर काम करने वाले एक भारतीय पर यात्री के बैग से दो आम चुराने का मामला चल रहा है। 27 वर्षीय भारतीय नागरिक पर 2017 में आम चुराने का आरोप लगा था। इस व्यक्ति ने स्वीकार किया है कि उसने भारत जा रहे सामान से छह दिरहम की कीमत वाले दो आम चुराए थे। पिछले साल अप्रैल में पुलिस ने उसे समन भेजकर पूछताछ की थी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।

जानकारी

आम चुराने की बताई यह वजह

आरोपी शख्स ने कहा कि उसे तेज प्यास लगी थी और वह पानी की तलाश कर रहा था। इसी दौरान उसके सामने फलों का एक डिब्बा आया। उसने उस डिब्बे से दो आम निकाले और खा लिए। इनकी कीमत छह दिरहम (लगभग 120 रुपये) थी।

मामला

मामले में देरी की वजह साफ नहीं

जानकारी के मुताबिक, आरोपी शख्स ने ये आम 2017 में खाए थे और उसे अब अदालत में पेश किया गया है। इस बात की कोई जानकारी नहीं मिली है कि इस प्रक्रिया में इतनी देरी क्यों हुई है। दुबई पुलिस के वकील ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड ने सर्विलांस कैमरा में देखा कि कोई शख्स भारत जाने वाली उड़ान में एक यात्री का बैग खोल रहा है। उन्होंने भी मामले में हो रही देरी का वजह नहीं बताई है।

जानकारी

आरोप साबित होने पर हो सकती है जेल

इस मामले में अदालत का फैसला 23 सितंबर को आएगा। अगर आरोपी व्यक्ति पर आरोप साबित होते हैं तो उसे चोरी किए गए फलों की कीमत चुकानी होगी और उसे जेल भी हो सकती है।