
खुशहाली के मामले में पाकिस्तान से मीलों पीछे भारत, विश्व खुशहाली रिपोर्ट में 140वां स्थान
क्या है खबर?
अगर कोई आपसे आकर कहे कि भारत पाकिस्तान से कम खुशहाल देश है तो आप जरूर ही इसे झूठ मानेंगे, लेकिन यह सच है।
इस साल की संयुक्त राष्ट्र विश्व खुशहाली रिपोर्ट में भारत पाकिस्तान से भी नीचे है।
भारत को रैकिंग में 7 पायदान को नुकसान हुआ है और खिसक कर 140वें स्थान पर पहुंच गया है।
पिछले साल की तरह फिनलैंड इस बार भी खुशहाली के मामले में दुनिया का पहला देश बना हुआ है।
विश्व खुशहाली रिपोर्ट
चीन से भी आगे है पाकिस्तान
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक साल में पूरे विश्व में खुशहाली में गिरावट आई है और भारत भी इससे अछूता नहीं है।
पिछले साल 133वें स्थान पर रहने वाला भारत 7 स्थान नीच खिसक कर 140वें स्थान पर पहुंच गया है।
पड़ोसी देशों की बात करें तो पाकिस्तान 67वें स्थान पर है।
आश्चर्य की बात यह है कि पाकिस्तान ने केवल भारत ही नहीं बल्कि 93वें स्थान पर मौजूद चीन को भी पछाड़ दिया है। बांग्लादेश 125वें स्थान पर है।
रैंकिंग
सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका 19वें स्थान पर
पिछले साल शीर्ष पर रहने वाला फिनलैंड इस बार की रिपोर्ट में भी शीर्ष पर बरकरार है।
सूची में उसके बाद डेनमार्क, नॉर्वे, आइसलैंड और नीदरलैंड का स्थान है।
दुनिया का सबसे ताकतवर देश माना जाने वाला अमेरिका 19 वें स्थान पर है।
वहीं, युद्ध से जूझ रहे दक्षिण सूडान के लोग दुनिया में सबसे ज्यादा नाखुश हैं।
सबसे नाखुश देशों में उसके बाद मध्य अफ्रीकी गणराज्य (155), अफगानिस्तान (154), तंजानिया (153) और रवांडा (152) का नंबर है।
विश्व खुशहाली सूची
इन पैमानों से तय होती है सूची
बता दें कि यह सूची 6 पैमानों के आधार पर तय की जाती है, जिनमें आय, स्वस्थ जीवन प्रत्याशा, सामाजिक सपोर्ट, आजादी, विश्वास और उदारता शामिल हैं।
इसके अलावा किसी देश के नागरिक खुद को कितना खुश महसूस करते हैं और वहां नकारात्मक भावनाओं में कितनी वृद्धि हुई, इसे भी ध्यान में रखा जाता है।
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 2012 में 20 मार्च को विश्व खुशहाली दिवस घोषित किया था और हर साल इसी दिन यह सूची जारी होती है।