डोनाल्ड ट्रंप ने 37 बार किया दावा, कहा- ईरान के साथ होने वाला है समझौता
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत-पाकिस्तान युद्ध रुकवाने का दावा रटने के बाद एक बार फिर अपने नए दावे को लेकर चर्चा में हैं। इस बार ट्रंप लगातार दावा कर रहे हैं कि अमेरिका और ईरान का समझौता होने वाला है, लेकिन युद्ध विराम से पहले की अवधि को मिलाकर अभी तक बात नहीं बनी है। CNN ने उनके दावों की गिनती की तो पता चला कि ट्रंप 37 बार जल्द समझौता होने की बात कह चुके हैं।
दावा
7 अप्रैल को 2 हफ्ते में समझौता होने की बात कही
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने 7 अप्रैल को ईरान के साथ युद्धविराम की घोषणा करते हुए कहा था कि समझौते पर काफी आगे बढ़ चुके हैं, जिसे अंतिम रूप देने के लिए 2 सप्ताह का समय चाहिए। हालांकि, मंगलवार को 2 महीने बीतने के बाद भी बातचीत पर कुछ सकारात्मक देखने को नहीं मिला है। इसके बाद भी ट्रंप लगातार यह संकेत दे रहे हैं कि समझौता जल्द ही होने वाला है।
दावा
23 मार्च से शुरू हुआ सिलसिला, ईरान नकारता रहा
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने 28 फरवरी को ईरान-इजरायल-अमेरिका शुरू होने के बाद 23 मार्च से समझौते की बात कहना शुरू किया था। ट्रंप ने तब एयर फ़ोर्स वन के बाहर पत्रकारों से कहा कि ईरान लगभग सभी बिंदुओं पर सहमत हो गया है, जबकि ईरान ने वार्ताओं और समझौतों से इनकार किया था। इसके बाद ट्रंप सोशल मीडिया पोस्ट, सार्वजनिक उपस्थिति और मीडिया के साथ फोन कॉल के माध्यम से समझौता होने वाला है का दावा करते रहे।
युद्ध
भारत-पाकिस्तान युद्ध रुकवाने का दावा
ऐसा पहली बार नहीं है, जब ट्रंप अपने दावे को लगातार पक्का करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने भारत-पाकिस्तान युद्ध रुकवाने का भी कई बार दावा किया है। मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकने के बाद से ट्रंप 70 से 100 बार यह कह चुके हैं कि उन्होंने टैरिफ की धमकी देकर भारत-पाकिस्तान का युद्ध रुकवाया है। हालांकि, पाकिस्तान इस बात को स्वीकार करता है, जबकि भारत दावे को खारिज करता है।