LOADING...
UAE सरकार दुबई और अबू धाबी में फंसे यात्रियों की कैसे कर रही मदद?
हवाई अड्डों पर फंसे मदद को आगे आई UAE सरकार

UAE सरकार दुबई और अबू धाबी में फंसे यात्रियों की कैसे कर रही मदद?

Mar 02, 2026
07:53 pm

क्या है खबर?

अमेरिका और इजरायल के संयुक्त रूप से ईरान पर हमला करने के बाद से दुनिया भर में यात्रा संबंधी भीषण अफरा-तफरी मची हुई है। प्रभावित देशों का हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण सोमवार (2 मार्च) को सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिससे हजारों की संख्या में यात्री विभिन्न हवाई अड्डों पर फंस गए हैं। व्यापक उड़ान व्यवधानों के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) सरकार ने फंसे हुए पर्यटकों की सहायता के लिए एक असाधारण कदम उठाए हैं।

मदद

यात्रियों की किस तरह मदद कर रही UAE सरकार?

जनरल सिविल एविएशन अथॉरिटी (GCAA) ने घोषणा की है कि UAE सरकार उन यात्रियों के आवास और भोजन का खर्च वहन करेगी जिनकी यात्रा या आगमन बाधित हुआ है। UAE सरकार ने दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (DXB), अबू धाबी के जायद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (AUH) और शारजाह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे सहित प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ानों में देरी या पुनर्निर्धारण के चलते पर्यटकों को अचानक होने वाली बाधाओं का बोझ कम करने के लिए यह कदम उठाया है।

कदम

UAE सरकार ने क्या-क्या कदम उठाए?

UAE सरकार प्रभावित और फंसे हुए यात्रियों के लिए सभी आवास और रहने-खाने का खर्च वहन कर रही है। जो यात्री देश छोड़कर जाने में असमर्थ हैं, उनके लिए अस्थायी होटल में ठहरने की व्यवस्था के साथ-साथ भोजन और जलपान की भी व्यवस्था की गई है। पारगमन यात्रियों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए उन्हें आवास और परिवहन की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। GCAA के अनुसार, लगभग 20,200 यात्री उड़ान पुनर्निर्धारण से प्रभावित हुए हैं।

Advertisement

सराहना

यात्री कर रहे UAE सरकार के प्रयासों की सराहना

UAE में फंसे हजारों यात्रियों में शामिल एक भारतीय इन्फ्लुएंसर ने खलीज टाइम्स से कहा, "हम पिछले हफ्ते UAE आए थे और शनिवार को बेंगलुरु वापस जाने वाले थे। हवाई अड्डे पर हमें पता चला कि सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। सायरन बज रहे थे और हमें अपने फोन पर आश्रय ढूंढने का अलर्ट मिला। कुछ घंटों बाद उन्होंने हमें मुफ्त भोजन और होटल वाउचर दे दिए। हमारी बहुत अच्छी देखभाल की गई और स्टाफ बहुत सहयोगी था।"

Advertisement

राहत

"विशेष प्रतीक्षा क्षेत्र स्थापित किया"

हमले वाले दिन दिल्ली जाने वाली उड़ान में सवार दुबई निवासी तुषार गगेरना ने कहा, "विमान से उतरने के कुछ ही समय के भीतर सभी प्रभावित यात्रियों के लिए एक विशेष प्रतीक्षा क्षेत्र स्थापित किया गया था। पर्यटकों के लिए मौके पर ही आपातकालीन वीजा जारी किए जा रहे थे। कोई होटल बुक नहीं था। इसके बाद भी न काई अराजकता और न ही कोई नौकरशाही। UAE सरकार ने तत्काल सहायता कदम उठाते हुए मानवता का परिचय दिया है।"

सुझाव

प्रभावित यात्रियों के लिए व्यावहारिक सुझाव क्या हैं?

यात्रा विशेषज्ञों ने UAE में फंसे लोगों के लिए कुछ सुझाव जारी किए हैं। इनमें दोबारा बुकिंग या रिफंड के लिए सीधे एयरलाइन से संपर्क करने, बदलती परिस्थितियों के कारण उड़ान शेड्यूल में अचानक होने वाले बदलावों के लिए हवाई अड्डों के आधिकारिक ऐप या वेबसाइट के माध्यम से नवीनतम जानकारी प्राप्त करने और बीमा पॉलिसियाें के तहत ​​आपातकालीन यात्रा कवरेज प्राप्त करने के लिए भोजन और आवास के भुगतान की रसीदें संभाल कर रखना शामिल है।

अफरा-तफरी

उड़ान के दौरान यह अफरा-तफरी क्यों मची?

ये व्यवधान खाड़ी क्षेत्र में फैले एक व्यापक विमानन संकट का हिस्सा हैं, जो ईरान में अमेरिकी और इजरायल के संयुक्त सैन्य अभियानों के बाद बढ़ते तनाव और उसके परिणामस्वरूप ईरान की जवाबी कार्रवाई से उत्पन्न हुआ है। खाड़ी देशों सहित कई देशों ने एहतियात के तौर पर अपने हवाई क्षेत्र के कुछ हिस्सों को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित या बंद कर दिया है, जिससे एयरलाइंस को उड़ानें रद्द करने या स्थगित करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

Advertisement