अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध में पाकिस्तान कैसे निभा रहा रहा है मध्यस्थ की भूमिका?
क्या है खबर?
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध को समाप्त कराने के लिए मध्यस्थता के प्रयास तेजी से चल रहे हैं। इनमें पाकिस्तान का नाम प्रमुख रूप से सामने आया है। उसके साथ मिस्र, सऊदी अरब और तुर्की की भी भूमिका सामने आई है। हालांकि, इस कदम पर अनिश्चितता बनी हुई है क्योंकि अमेरिकी और ईरानी अधिकारियों ने युद्ध की समाप्ति के लिए संभावित वार्ता पर विरोधाभासी बयान दिए हैं। आइए जानते हैं पाकिस्तान कैसे मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है।
बात
असीम मुनीर ने मध्यस्थ की भूमिका निभाने के लिए ट्रंप से की बात
फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से इस बारे में बात की। पाकिस्तान ने ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ सदस्यों और ईरानी अधिकारियों के बीच बातचीत के लिए इस्लामाबाद को एक संभावित स्थान के रूप में प्रस्तावित किया है और खुद को ईरान के खिलाफ युद्ध को समाप्त कराने के लिए प्रमुख मध्यस्थ के रूप में पेश किया है।
प्रयास
तुर्की और मिस्र के साथ गुप्त कूटनीति पर काम कर रहा पाकिस्तान
मुनीर के ट्रंप से बात करने के बाद सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से भी बात की। पाकिस्तान अखबर डॉन के अनुसार, पाकिस्तान वर्तमान में अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता करने के लिए तुर्की और मिस्र के साथ सक्रिय गुप्त कूटनीति में लगा हुआ है। इसके तहत अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी इन चर्चाओं में शामिल हुए हैं।
प्रस्ताव
ईरान ने की समझौते के प्रस्तावों की पुष्टि
ईरान के विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर CBS न्यूज से कहा, "तेहरान को मध्यस्थों के माध्यम से अमेरिका से कुछ सुझाव प्राप्त हुए हैं और उनकी समीक्षा की जा रही है।" रिपोर्टों के अनुसार, इस्लामाबाद इस समझौता वार्ता का स्थल हो सकता है, जिसमें अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस, विटकॉफ और जेरेड कुशनर शामिल होंगे। हालांकि, इस संभावित वार्ता पर अभी तक कोई भी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
बयान
इस्लामाबाद वार्ता की मेजबानी को तैयार- अंद्राबी
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा, "यदि दोनों पक्ष (अमेरिका और ईरान) चाहें तो इस्लामाबाद वार्ता की मेजबानी करने के लिए हमेशा तैयार है।" हालांकि, अमेरिकी व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा, "ये संवेदनशील राजनयिक चर्चाएं हैं और अमेरिका प्रेस से बातचीत नहीं करेगा। बैठकों के बारे में अटकलों को तब तक अंतिम नहीं माना जाना चाहिए जब तक कि व्हाइट हाउस औपचारिक रूप से इसकी घोषणा नहीं करता है।"
समर्थन
ईरान क्षेत्रीय राज्यों की मध्यस्थता को करता है स्वीकार
संघर्ष शुरू होने के बाद से ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका के साथ किसी भी तरह की सीधी बातचीत से इनकार किया है। हालांकि, उसने स्वीकार किया कि कुछ क्षेत्रीय देश मध्यस्थता कर रहे हैं। वरिष्ठ पाकिस्तानी अधिकारी ईरान और विटकॉफ के साथ-साथ ट्रंप के पूर्व सलाहकार जेरेड कुशनर के बीच गुप्त रूप से बातचीत कर रहे थे। पाकिस्तान ने इस संघर्ष के माहौल में शांति स्थापित करने में रचनात्मक भूमिका निभाने की बात कही है।
सवाल
पाकिस्तान एक तटस्थ मध्यस्थ क्यों है?
पाकिस्तान क्षेत्र में अमेरिका के उन सहयोगियों में से एक है जिन पर ईरान ने मिसाइल और ड्रोन हमले नहीं किए। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि ईरान के बाद पाकिस्तान में शिया मुसलमानों की दूसरी सबसे बड़ी आबादी है। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने पिछले सप्ताह ईरानी नववर्ष की शुरुआत के अवसर पर एक लिखित संदेश में पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा था कि उन्हें पाकिस्तान के लोगों के प्रति विशेष स्नेह है।