कोरोना वायरस लॉकडाउन से कैसे बाहर निकल रहे हैं यूरोप के देश?
क्या है खबर?
चीन के वुहान शहर से शुरू होेने वाले कोरोना वायरस ने सबसे ज्यादा तबाही यूरोप के देशों में मचाई है और वायरस के प्रकोप से राहत के लिए कई देशों ने लॉकडाउन का ऐलान किया था।
अब जब धीरे-धीरे नए मामलों में कमी आने लगी है, तब ये देश लॉकडाउन में ढील देना शुरू कर रहे हैं।
सबसे अधिक प्रभावित देशों में से कौन लॉकडाउन में किस तरीके की ढील दे रहा है, आइए आपको बताते हैं।
यूनाइटेड किंगडम
ब्रिटेन में बुधवार से बाहर निकल सकेंगे लोग
अमेरिका के बाद कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित यूनाइटेड किंगडम (UK) में लॉकडाउन को एक जून तक बढ़ा दिया गया है, हालांकि इसमें बड़ी ढील दी गई है।
लोगों को बुधवार से बाहर जाने की अनुमित दी जाएगी, वहीं जो लोग घर से काम नहीं करते, वे ऑफिस जा सकते हैं। स्कूलों को जून से आंशिक तौर पर खोलने की तैयारी है।
पारिवारिक समूह के साथ जाने के लिए पार्क वगैरा को भी खोल दिया गया है।
जानकारी
बोरिस जॉनसन ने किया COVID अलर्ट सिस्टम का ऐलान
ढील के साथ लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान करते हुए UK के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने पांच स्तर के COVID अलर्ट सिस्टम का भी ऐलान किया। इसमें पहला स्तर सबसे कम और पांचवां स्तर सबसे खतरनाक है। उनके अनुसार, ब्रिटेन अभी चौथे स्तर पर है।
फ्रांस
रेड और ग्रीन जोन में बांटा गया फ्रांस
फ्रांस में भी लॉकडाउन में ढील देने की तैयारी है। नए नियमों के अनुसार, सोमवार से देश में प्राइमरी स्कूल और नर्सरी स्कूल खुलना शुरू हो जाएंगे।
लोगों को सफर के लिए सर्टिफिकेट नहीं दिखाना होगा और वे अपने घर से 100 किलोमीटर तक की यात्रा कर सकेंगे। इससे अधिक दूरी की यात्रा के लिए सर्टिफिकेट की जरूरत होगी।
नए नियमों में फ्रांस को रेड और ग्रीन जोन में बांटा गया है और राजधानी पेरिस रेड जोन में है।
जानकारी
ग्रीन में दी जाएंगी ये ढील
ग्रीन जोन में 11 से 15 साल तक के बच्चों के स्कूल 18 मई से खुलेंगे। सभी दुकानों को भी खुलने की इजाजत दी जाएगी, हालांकि बार और रेस्टोरेंट्स बंद रहेंगे। अधिकतम 10 लोगों को एक साथ इकट्ठा होने की इजाजत होगी।
स्पेन
चार चरणों में लॉकडाउन से बाहर निकलेगा स्पेन
स्पेन ने चार चरणों में लॉकडाउन में ढील दी जाएगी और पहले चरण की शुरूआत 4 मई से होगी। शुरूआत में चुनिंदा इलाकों में ढील दी जा रही है जो 10 जून तक बरकरार रहेगी।
स्कूल 26 मई से आंशिक रूप से फिर से खुल सकते हैं, लेकिन सितंबर तक उनके पूरी तरह से खुलने की उम्मीद नहीं है।
क्षमता से कम लोगों के साथ चर्च और मस्जिदें भी 11 मई से खुल सकेंगीं।
इटली
इटली में दी गईं ये ढील
इटली में मई की शुरूआत में ही लॉकडाउन में कुछ ढील दे दी गई थी। लोग अपने संबधियों से मिलने जा सकते हैं, लेकिन अन्य जगहों पर जाने पर अब भी पाबंदी है।
बार्स और रेस्टोरेंट्स से अभी ऑर्डर घर ले जाया जा सकता है और एक जून से वह पूरी तरह से खुल सकते हैं। सैलून और नाइयों को भी एक जून से कार्य करने की इजाजत होगी। 18 मई से संग्रहालय, पुस्तकालय और सीमित दुकानें खुल सकेंगीं।
जानकारी
26 मई से खुल सकेंगे सिनेमा हॉल और थिएटर
26 मई से सिनेमा हॉल, थिएटर और प्रदर्शनी भी खुल सकेंगे। वहीं 11 मई से खुली छत वाले बार्स को खुलने की इजाजत होगी। हालांकि 10 जून तक बार और रेस्टोरेंट्स पूरी तरह से नहीं खुल सकेंगे। उन्हें सख्त नियमों का पालन करना होगा।
जर्मनी
जर्मनी में बड़े पैमाने पर लॉकडाउन में ढील
कोरोना वायरस को काफी हद तक काबू में करने में कामयाब रहे जर्मनी में लॉकडाउन में बढ़ी ढील दी गई है। दुकानें फिर से खुल सकेंगी, वहीं स्कूलों को आंशिक तौर पर खुलने की इजाजत दी गई है।
इसके अलावा फुटबॉल मैच भी शुरू हो सकेंगे, लेकिन बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों पर अगस्त तक प्रतिबंध बरकरार रहेगा।
आगे लॉकडाउन में ढील देना अब देश के 16 राज्यों पर निर्भर करेगा और इसकी जिम्मेदारी उनके हाथों में दे दी गई है।