जिम्बाब्वे में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और मिनी बस की टक्कर में 27 लोगों की मौत
क्या है खबर?
जिम्बाब्वे के मध्य क्षेत्र में एक दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक मिनी बस और भारी मालवाहक ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 27 श्रद्धालुओं (चर्च जाने वाले लोगों) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य घायल हो गए हैं। यह हादसा स्थानीय समयानुसार शुक्रवार शाम करीब साढ़े 6 बजे राजधानी हरारे से लगभग 140 किलोमीटर दक्षिण में स्थित चिव्हु शहर के पास एक सुदूर राजमार्ग पर हुआ।
कारण
ओवरटेकिंग के चक्कर में हुआ हादसा
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक विदेशी पंजीकरण वाला ट्रक हाईवे पर अपने आगे चल रहे एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था।
इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार मिनीबस से उसकी टक्कर हो गई।
मिनीबस में सवार सभी यात्री ईसाई समुदाय के श्रद्धालु थे, जो एक धार्मिक सम्मेलन में जा रहे थे। हादस के बाद पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
आग
हादसे के बाद बस में लगी आग
जिम्बाब्वे के सार्वजनिक प्रसारक ZBC द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि टक्कर इतनी भयानक थी कि मिनी बस पूरी तरह से जलकर मलबे में तब्दील हो गई, जबकि ट्रक सड़क के दूसरी तरफ जाकर पलट गया।
बता दें कि जिम्बाब्वे में इस तरह के बड़े और घातक हादसे होना बेहद आम बात हो चुकी है। इसका कारण सरकार की उपेक्षा के कारण सड़कों का जगह-जगह क्षतिग्रस्त होना है।
हादसे
हालिया महीनों में हुए अन्य बड़े हादसे
इसी साल अप्रैल में एक दक्षिणी राजमार्ग पर मिनीबस में आग लगने से 18 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।
इसी तरह दक्षिण अफ्रीका को जोड़ने वाले हाईवे पर कार की ट्रक से भिड़ंत में एक महिला और उसके 5 बच्चों की मौत हो गई थी।
बता दें कि जिम्बाब्वे में लोग परिवहन के लिए निजी तौर पर चलने वाली मिनी बस टैक्सियों का इस्तेमाल करते हैं, जो आमतौर पर ओवरलोड चलती हैं और दुर्घटना का कारण बनती हैं।