Page Loader
अमेरिका में इन राष्ट्रपतियों पर भी चली हैं गोलियां, लिंकन सहित 4 की हुई थी मौत
अमेरिका में पहले कई बड़े नेताओं पर जानलेवा हमले हुए हैं

अमेरिका में इन राष्ट्रपतियों पर भी चली हैं गोलियां, लिंकन सहित 4 की हुई थी मौत

लेखन आबिद खान
Jul 14, 2024
11:08 am

क्या है खबर?

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर जानलेवा हमला हुआ है। एक रैली के दौरान ट्रंप को गोली मारी गई, जो उनके कान को छूते हुए निकल गई। ट्रंप की हालत अब स्थिर है और हमलावर भी ढेर किया जा चुका है। ये पहली बार नहीं है, जब किसी अमेरिकी नेता पर हमला हुआ है। इससे पहले 4 अमेरिकी राष्ट्रपति समेत कई पूर्व राष्ट्रपतियों और प्रमुख नेताओं पर हमले हुए हैं। आइए जानते हैं किन बड़े नेताओं पर हमले हुए हैं।

अब्राहम लिंकन

अब्राहम लिंकन

अब्राहम लिंकन पहले ऐसे अमेरिकी राष्ट्रपति थे, जिनकी हत्या कर दी गई थी। 14 अप्रैल, 1865 को फोर्ड थियेटर में एक नाटक देखने के दौरान लिकंन को गोली मार दी गई थी। हत्यारे की पहचान जॉन विल्क्स बूथ के तौर पर हुई थी, जिसने 4 लोगों के साथ मिलकर उपराष्ट्रपति एंड्रयू जॉनसन और विदेश मंत्री विलियम सीवार्ड की हत्या का प्रयास भी किया था। बूथ की 26 अप्रैल, 1865 को पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई।

जेम्स गारफील्ड

जेम्स गारफील्ड

अमेरिका के 20वें राष्ट्रपति जेम्स गारफील्ड की हत्या पदभार ग्रहण करने के 6 महीने बाद ही कर दी गई थी। 2 जुलाई, 1881 को वाशिंगटन के एक रेलवे स्टेशन पर चार्ल्स गुइटो नामक शख्स ने उन्हें 2 गोली मार दी थी। हमले के बाद गुइटो ने आत्मसमर्पण कर दिया और उसे फांसी दे दी गई। गारफील्ड 80 दिनों तक बिस्तर पर रहे और अंतत: 19 सितंबर को उनका निधन हो गया।

विलियम मैककिनले

विलियम मैककिनले

मैककिनले को 6 सितंबर, 1901 को न्यूयॉर्क में भाषण देने के बाद गोली मार दी गई थी। वह भाषण के बाद गुजर रहे लोगों से हाथ मिला रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने उनके सीने में 2 गोलियां दाग दीं। मैककिनले का निधन 14 सितंबर, 1901 को अपना दूसरा कार्यकाल शुरू करने के 6 महीने बाद ही हो गया। 28 साल के बेरोजगार युवक एफ जोलगोज ने मैककिनले पर हमले की बात स्वीकार की।

जॉन एफ कैनेडी

जॉन एफ कैनेडी

अमेरिका के 35वें राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी की 22 नवंबर, 1963 को उस वक्त हत्या कर दी गई, जब वे प्रथम महिला जैकलीन कैनेडी के साथ डलास की यात्रा पर थे। कैनेडी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। हत्या के कुछ देर बाद पुलिस ने पास की इमारत से ली हार्वे ओसवाल्ड को गिरफ्तार किया। 2 दिन बाद जब ओसवाल्ड को पुलिस जेल लेकर जा रही थी, ओसवाल्ड की भी हत्या कर दी गई।

हमले

इन राष्ट्रपतियों पर भी हुए हमले

वाशिंगटन में एक कार्यक्रम से निकलते समय राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन को गोली मार दी गई थी, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हमलावर जॉन हिंकले जूनियर था, जिसे 2022 में बिना शर्त रिहा कर दिया गया। राष्ट्रपति गेराल्ड फोर्ड पर 1975 में कैलिफोर्निया में मात्र 17 दिनों के अंतराल में 2 बार हमले हुए। हालांकि, दोनों बार वे बच गए। 32वें राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी रूजवेल्ट पर पदभार ग्रहण करने से एक महीने पहले हमला हुआ था।

उम्मीदवार

राष्ट्रपति पद के इन उम्मीदवारों पर भी हुए हमले

तीसरी बार राष्ट्रपति पद की रेस के दौरान 1912 में थियोडोर रूजवेल्ट को गोली मार दी गई थी। हालांकि, उनकी जेब में रखे हुए कागज और चश्मे के कवर की वजह से उन्हें ज्यादा चोट नहीं लगी। 1968 में जॉन एफ कैनेडी के भाई रॉबर्ट एफ कैनेडी की एक होटल में हत्या कर दी गई थी। 1972 में मैरीलैंड में डेमोक्रेटिक पार्टी से राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवार जॉर्ज सी वालेस को भी गोली मार दी गई थी।