डोनाल्ड ट्रंप के पलटवार पर भड़की जॉर्जिया मेलोनी, कहा- मेरी लोकप्रियता से आपका कोई लेना-देना नहीं
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। मेलोनी द्वारा ट्रंप के दावों को खारिज करने के बाद उन्होंने फिर से हमला बोला है। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर G-7 शिखर सम्मेलन में मेलोनी ने उनसे बार-बार फोटो खिंचवाने का अनुरोध किया। वह इटली में खराब प्रदर्शन के कारण ये हथकंडे अपना रही हैं। इस पर मेलोनी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है।
हमला
ट्रंप ने कैसे बोला नया हमला?
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'फ्रांस में G-7 मीटिंग के दौरान इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने बार-बार मेरे साथ तस्वीर खिंचवाने की गुजारिश की। इटली में उनकी लोकप्रियता का स्तर गिर रहा है। यह शायद इसलिए हो रहा है क्योंकि जब ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने या बनाने से रोकने की बात आई, तो उन्होंने (मेलोनी) अमेरिका का साथ देने से इनकार कर दिया। हालांकि, NATO ने भी ऐसा ही किया था।'
तंज
ट्रंप ने मेलोनी पर कसा तंज
ट्रंप ने आगे लिखा, 'उन्होंने (मेलोनी) हमें इटली की लैंडिंग स्ट्रिप्स या रनवे का इस्तेमाल भी नहीं करने दिया, जो कि एक बड़ी रसद संबंधी असुविधा है, और यह इस तथ्य के बावजूद है कि अमेरिका इटली और अन्य तथाकथित NATO सहयोगियों की रक्षा के लिए प्रति वर्ष सैकड़ों अरब डॉलर का योगदान देता है।' अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे दावा किया, 'मेलोनी अपनी गिरती लोकप्रियता को सही करने और अपने फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए दोस्ती करना चाहती है।'
प्रतिक्रिया
मेलोनी ने ट्रंप के बयान पर दी प्रतिक्रिया
मेलोनी ने जल्द ही जवाब देते हुए एक बयान में कहा, 'ये लगातार, बिना उकसावे के किए गए हमले बेतुके हैं। मेरी लोकप्रियता की बात करें तो, आपका दोस्त होना इसमें कोई खास मददगार साबित नहीं हुआ है। मेरी लोकप्रियता इटली के राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने की मेरी क्षमता पर निर्भर करती है और मैंने हमेशा यही किया है। मेरी लोकप्रियता से आपका कोई लेना-देना नहीं है। मेरा सुझाव है कि आप अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दें।'
विवाद
ट्रंप के बयान से हुई थी विवाद की शुरुआत
इस विवाद की शुरुआत एक इतालवी मीडिया आउटलेट के साथ फोन पर बात करते हुए ट्रंप के बयान से हुई थी। इसमें उन्होंने दावा किया था कि मेलोनी ने उनके साथ एक तस्वीर लेने के लिए 'विनती' की थी। इस पर मेलोनी ने कहा था, "ट्रंप का बयान पूरी तरह से मनगढ़ंत हैं, मैं सचमुच हैरान हूं। मुझे समझ नहीं आता कि अमेरिका के राष्ट्रपति अपने ही सहयोगियों के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों करते हैं।"