LOADING...
जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वेडेफुल ने कहा- ईरान के खिलाफ युद्ध में भाग नहीं लेंगे
जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वेडेफुल ने कहा कि वह ईरान के खिलाफ युद्ध में भाग नहीं लेंगे

जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वेडेफुल ने कहा- ईरान के खिलाफ युद्ध में भाग नहीं लेंगे

लेखन गजेंद्र
Mar 02, 2026
02:12 pm

क्या है खबर?

जर्मनी ने ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य अभियान में भाग लेने से इनकार कर दिया है। यह पुष्टि जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वेडेफुल ने की। उन्होंने सोमवार सुबह कहा कि जर्मनी ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में सक्रिय रूप से भाग नहीं लेगा, लेकिन अगर जॉर्डन और इराक में बहुराष्ट्रीय सैन्य ठिकानों पर तैनात उसके सैनिकों पर हमला होता है तो वह उनकी रक्षा करने पर विचार करेगा।

युद्ध

हमारे पास नहीं है आवश्यक सैन्य संसाधन- जोहान

जोहान वेडेफुल ने डचलैंडफंक पब्लिक रेडियो को बताया, "संघीय सरकार का इस संघर्ष में भाग लेने का कोई इरादा नहीं है और हमारे पास आवश्यक सैन्य संसाधन भी नहीं हैं। यह संभव है कि अगर हमारे बुंडेसवेहर सैनिकों पर हमला होता है तो वे अपना बचाव करेंगे।" वहीं, जर्मन सशस्त्र बलों ने बताया कि उत्तरी इराक के इरबिल और जॉर्डन के अल-अजराक में स्थित बहुराष्ट्रीय सैन्य ठिकानों पर हमले हुए हैं। हालांकि, वहां मौजूद कोई सैनिक घायल नहीं हुआ।

हमला

जॉर्डन स्थित अमेरिकी दूतावास पर हमले की आशंका

इस बीच जॉर्डन में स्थित अमेरिकी दूतावास ने संभावित मिसाइल, ड्रोन या रॉकेट हमलों को लेकर चेतावनी दी है और सतर्कता बरतने और तत्काल आश्रय लेने का आग्रह किया है। दूतावास ने सुरक्षा संबंधी सलाह में कहा कि लोग सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और गिरने वाले मलबे से बचना चाहिए। जॉर्डन सरकार ने नागरिक सुरक्षा अलार्म सिस्टम को सक्रिय कर दिया है ताकि देश के हवाई क्षेत्र में मिसाइल के प्रवेश करने पर निवासियों को सतर्क किया जा सके।

Advertisement