FBI पर फिर हुआ साइबर हमला, नेशनल क्राइम डाटाबेस में सेंध की आशंका
क्या है खबर?
अमेरिका की जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) पर एक महीने के अंदर दूसरी बार साइबर हमले की घटना सामने आई है। इस बार हैकर्स ने एजेंसी के नेशनल क्राइम इन्फॉर्मेशन सेंटर (NCIC) को निशाना बनाया है। यह डाटाबेस देशभर की पुलिस और जांच एजेंसियों को आपराधिक रिकॉर्ड, गिरफ्तारी वारंट और पृष्ठभूमि से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराता है। फिलहाल FBI इस मामले की जांच कर रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
लीक
सितंबर में हजारों कर्मचारियों की निजी जानकारी हुई थी लीक
इससे पहले सितंबर में हैकर्स ने FBI के नौकरी पोर्टल के जरिए करीब 38,000 कर्मचारियों की निजी जानकारी चुराने का दावा किया था।
इसमें नाम, घर के पते, फोन नंबर और ईमेल जैसी जानकारियां शामिल थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना से FBI के अलावा उसके टास्क फोर्स में काम करने वाले हजारों स्थानीय और राज्य पुलिस अधिकारी भी प्रभावित हुए थे।
इससे सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की व्यक्तिगत जानकारी को लेकर भी गंभीर चिंताएं बढ़ गई थीं।
हमला
थर्ड पार्टी सॉफ्टवेयर की कमजोरी से हुआ था पिछला हमला
सितंबर की घटना में FBI ने माना था कि उसके बाहरी सेवा प्रदाता के प्लेटफॉर्म में सुरक्षा संबंधी कमी थी।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, हैकर्स ने ओरेकल पीपलसॉफ्ट सॉफ्टवेयर की कमजोरी का फायदा उठाया था। हालांकि, FBI के अधिकारियों ने कहा था कि हैकर्स उसके मुख्य जांच नेटवर्क या गोपनीय सिस्टम तक नहीं पहुंच पाए थे।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी थी कि चुराई गई कर्मचारियों की जानकारी का इस्तेमाल विदेशी ताकतें जासूसी या ब्लैकमेल के लिए कर सकती हैं।
चिंता
संवेदनशील जानकारी की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
नेशनल क्राइम डाटाबेस पर हमले की खबर से अमेरिकी जांच और सुरक्षा एजेंसियों के सिस्टम की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।
FBI डायरेक्टर काश पटेल ने गुरुवार को साइबर सुरक्षा के प्रयासों की तारीफ की थी, लेकिन उसी दिन नई घटना सामने आई। एजेंसी ने जांच से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
अधिकारियों के मुताबिक, जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हैकर्स ने किन जानकारियों तक पहुंच बनाई और क्या इसका संबंध पहले हुए हमलों से है।