LOADING...
एपस्टिन फाइल्स से ट्रंप के खिलाफ पीड़ितों के साक्षात्कार वाले FBI रिकॉर्ड गायब- रिपोर्ट
एपस्टिन फाइल्स से डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ पीड़ितों के बयान के रिकॉर्ड गायब (फाइल तस्वीर)

एपस्टिन फाइल्स से ट्रंप के खिलाफ पीड़ितों के साक्षात्कार वाले FBI रिकॉर्ड गायब- रिपोर्ट

लेखन गजेंद्र
Feb 25, 2026
12:47 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के यौन अपराधी जेफरी एपस्टिन की जांच से जुड़ी एपस्टिन फाइल्स के विशाल संग्रह से कई रिकॉर्ड गायब हो गए हैं। यह खुलासा CNN ने किया है। उसने अपनी रिपोर्ट में बताया कि अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से पिछले महीने जारी एपस्टिन फाइल्स में संघीय जांच ब्यूरो (FBI) के दर्जनों गवाहों के साक्षात्कार नहीं मिल रहे हैं। इसमें एक महिला से संबंधित 3 साक्षात्कार भी शामिल हैं, जिसने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।

रिकॉर्ड

90 से अधिक रिकॉर्ड गायब

CNN की समीक्षा के अनुसार, फाइल्स में एपस्टीन की सहयोगी घिसलेन मैक्सवेल के वकीलों को उपलब्ध कराए गए साक्ष्य लॉग में लगभग 325 FBI गवाहों के साक्षात्कार रिकॉर्ड के सीरियल नंबर शामिल हैं। अब इनमें से 90 से अधिक रिकॉर्ड, यानी एक चौथाई से अधिक, न्याय विभाग की वेबसाइट पर मौजूद नहीं हैं। इस संबंध में मंगलवार को एक डेमोक्रेटिक सांसद ने गायब दस्तावेजों का हवाला देते हुए न्याय विभाग द्वारा जारी की गई जानकारी की सीमा पर सवाल उठाया।

दस्तावेज

महिला ने 13 साल की उम्र से यौन उत्पीड़न का लगाया था आरोप

गायब दस्तावेज में जिस पीड़ित महिला के 3 साक्षात्कार शामिल हैं, उसने FBI एजेंटों को बताया था कि एपस्टीन ने लगभग 13 साल की उम्र से ही उसका बार-बार यौन शोषण किया था। महिला ने ट्रंप पर भी यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। प्रतिनिधि सभा की निगरानी समिति के डेमोक्रेट सांसद रॉबर्ट गार्सिया का कहना है कि एक पीड़ित, जिसने राष्ट्रपति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं, वो अब गायब है। उस दस्तावेज तक अब किसी की पहुंच नहीं।

Advertisement

बयान

न्याय विभाग के प्रवक्ता ने क्या कहा?

रिपोर्ट में न्याय विभाग के प्रवक्ता के हवाले से बताया गया कि कुछ भी डिलीट नहीं किया है, और जैसा कि हमेशा कहते आए हैं, सभी संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराए गए हैं। प्रवक्ता ने आगे बताया कि विज्ञप्ति में शामिल न किए गए दस्तावेज़ या तो 'डुप्लिकेट हैं, गोपनीय हैं, या किसी चल रही संघीय जांच का हिस्सा हैं।' हालांकि, उन्होंने विशिष्ट फाइलों के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया।

Advertisement