न्यूजीलैंड में पर्यटन स्थल के पास 6.3 तीव्रता का भूकंप आया, सुनामी की चेतावनी हटाई गई
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड का दक्षिणी द्वीप गुरुवार को तेज भूकंप के झटके से हिल गया। यहां के ते अनाउ शहर के पास 6.3 तीव्रता का भूकंप आया है। न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र ते अनाउ से लगभग 40 किलोमीटर उत्तर में बताया गया, जो कि पर्यटन के लोकप्रिय स्थल फियोर्डलैंड का प्रवेश द्वार है। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) और जर्मनी ने भूकंप की तीव्रता 5.9 बताई है।
भूकंप
आसपास 7 और हल्के झटके लगे
न्यूजीलैंड हेरल्ड के मुताबिक, पहले भूकंप की तीव्रता 6.3 मापी गई थी, जिसे बाद में संशोधित करके 5.9 कर दिया गया है। झटकों महसूस होने की करीब 20,000 रिपोर्ट हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ते अनाउ क्षेत्र में एक बड़े झटके के बाद आसपास के क्षेत्रों में 7 हल्के झटके भी लगे थे।
मिलफोर्ड साउंड से पुइसेगुर प्वाइंट तक के तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी कर लोगों को तुरंत ऊंची जगह पर जाने को कहा गया था।
चेतावनी
सुनामी की चेतावनी हटाई गई
भूकंप की तीव्रता को देखते हुए पहले सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी, जिसे बाद में रद्द कर दिया गया।
हालांकि, न्यूजीलैंड की एजेंसी का कहना है कि उसे तटीय क्षेत्रों में तेज और असामान्य धाराओं और तट पर अप्रत्याशित उछाल का सामना करने की आशंका है।
फियोर्डलैंड होटल में ड्यूटी मैनेज मेलेन पुयात ने रॉयटर्स को बताया कि भूकंप थोड़ा तेज था और एक मिनट तक महसूस हुआ, लेकिन उनके होटल में कुछ भी हिला नहीं।