Loading...
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई में पायलटों के बीच हाथापाई, सऊदी अरब लौटा विमान
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई अचानक अपातकाल घोषित कर वापस लौटी

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई में पायलटों के बीच हाथापाई, सऊदी अरब लौटा विमान

लेखन गजेंद्र
Sep 30, 2026
12:52 pm

क्या है खबर?

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान बुधवार को अचानक सऊदी अरब मोड़ दी गई। फ्लाइटराडार24 के मुताबिक, बोइंग 737 मैक्स ने वापस मुड़ने से पहले उत्तरी सऊदी अरब के ऊपर आपातकालीन स्थिति की घोषणा की थी, जिससे हड़कंप मच गया। पहले विमान के संदिग्ध अपहरण की संभावना थी, लेकिन बाद में पता चला कि विमान में पायलटों के बीच हिंसक झड़प के कारण आपातकाल कोड भेजा गया था।

आपातकाल

15,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था विमान

फ्लाइटराडार24 ने बताया कि विमान ने 7700 का स्क्वॉक किया, जो कि विमानों द्वारा आपात स्थिति का संकेत देने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला सामान्य आपातकालीन कोड है।

विमान के वापस लौटने से पहले उसके उड़ान मापदंडों में उल्लेखनीय परिवर्तन हुए। विमान की ऊंचाई में गिरावट आई और दिशा बदलने से पहले उसकी जमीनी गति में भी बदलाव दिखा।

ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान मुड़ने के बाद असामान्य रूप से कम ऊंचाई लगभग 15,000 फीट पर उड़ रहा था।

अपहरण

विमान में सवार थे 150 इजरायली नागरिक

कुछ फ्लाइट ट्रैकर्स ने यह भी संकेत दिया कि विमान ने कुछ समय के लिए 7,500 ट्रांसपोंडर कोड का इस्तेमाल किया होगा, जो अपहरण से जुड़ा हुआ है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई।

इजरायली वेबसाइट का कहना है कि संदिग्ध अपहरण की सूचना मिलने के बाद विमान को सऊदी अरब की ओर मोड़ दिया गया, जिसमें 150 से अधिक इजरायली नागरिक सवार थे।

विमान की सुरक्षा के लिए इजरायली वायु सेना ने लड़ाकू विमान रवाना किए थे।

ADVERTISEMENT

बैठक

नेतन्याहू ने बुलाई बैठक

रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने एक आपातकालीन सुरक्षा परामर्श बैठक बुलाई है।

बताया जा रहा है कि विमान को सुबह करीब 9:10 बजे बेन गुरियन हवाई अड्डे पर उतरना था।

आपातकालीन कोड भेजने और उड़ान मार्ग में बदलाव का कारण अभी तक अज्ञात है, और फ्लाईदुबई की ओर से विमान की स्थिति या घटना के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

ADVERTISEMENT

जांच

सऊदी अरब में सुरक्षित उतरा विमान

जेरूसलम पोस्ट के मुताबिक, विमान ने शुरू में स्क्वॉक कोड 7700 प्रसारित किया, फिर 7500 पर स्विच किया, जो गैरकानूनी हस्तक्षेप का संकेत देता है और बाद में प्रारंभिक कोड पर वापस आ गया।

इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डा (प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज हवाई अड्डा) में सुरक्षित उतारा गया। इस दौरान इजरायली हवाई क्षेत्र भी अस्थायी बंद किया गया।

इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि सभी इजरायली यात्रियों को सुरक्षित वापस लाया जा रहा है।

घटना

विमान के अंदर क्या हुआ था?

इजरायली अधिकारियों और रक्षा सूत्रों ने बताया कि विमान में सवार पायलटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और झड़प हुई थी, जिसके बाद आपात स्थिति उत्पन्न हुई और सिग्नल भेजा गया।

इजरायली मीडिया के मुताबिक, पायलटों ने कॉकपिट के अंदर ही हाथापाई शुरू कर दी थी। हालांकि, अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई कि दोनों में से किसने जानबूझकर आपातकालीन सिग्नल भेजा था।

इजरायली अधिकारियों ने चालक दल से पूछताछ करने और विमान निरीक्षण की योजना बनाई है।

ADVERTISEMENT