ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी, कहा- नाकाबंदी के आसपास दिखे छोटे जहाज तो नष्ट होंगे
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ईरान को नाकाबंदी में हस्तक्षेप न करने और उससे दूर रहने की चेतावनी दी है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ईरान की पूरी नौसेना तबाह हो चुकी है, लेकिन अभी कुछ छोटे तेज हमला करने वाले जहाज बचे हैं। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ये छोटे जहाज नाकाबंदी के आसपास दिखे तो इनको वैसे ही नष्ट किया जाएगा, जैसे नशीले पदार्थों के जहाजों को अमेरिकी सेना नष्ट करती है।
बयान
क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा, 'ईरान की नौसेना पूरी तरह से तबाह हो चुकी है और उनके 158 जहाज समुद्र के तल में पड़े हैं।हमने उनके सिर्फ कुछ छोटे "फास्ट अटैक शिप्स" को नहीं मारा है, क्योंकि हमें लगा कि ये ज्यादा खतरा नहीं हैं। चेतावनी: अगर इन बचे हुए छोटे जहाजों में से कोई भी हमारे नाकाबंदी वाले इलाके के पास आया, तो उन्हें तुरंत नष्ट कर दिया जाएगा।'
बयान
ट्रंप ने नशीले पदार्थों के जहाजों का उदाहरण दिया
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में उन जहाजों को नष्ट करने का उदाहरण दिया, जिनको अमेरिकी नौसेना नशीले पदार्थों की संभावना पर समुद्र में ही नष्ट कर देती है। उन्होंने लिखा, 'छोटे जहाजों को ठीक उसी तरीके से नष्ट करेंगे, जिस तरीके का इस्तेमाल हम समुद्र में नशीले पदार्थों का व्यापार करने वाली नावों के खिलाफ करते हैं। यह बहुत तेज और बेरहम तरीका है। इससे समुद्र के रास्ते आने वाले 98.2 प्रतिशत नशीले पदार्थों की आमद अब रुक गई है!'
नाकाबंदी
अमेरिकी सेना ने शुरू कर दी नाकाबंदी
अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने कहा कि वह सोमवार को दोपहर 2 बजे (GMT) से नाकाबंदी शुरू करेगी। यह नाकाबंदी इन बंदरगाहों में प्रवेश करने या बाहर निकलने वाले सभी देशों के जहाजों पर लागू होगी। हालांकि, गैर-ईरानी बंदरगाहों के बीच यात्रा करने वाले जहाजों को गुजरने की अनुमति होगी। सेना ने कहा कि अगर बिना अनुमति कोई जहाज नाकाबंदी वाले क्षेत्रों से गुजरता है तो उसे रोका जाएगा और जहाज जब्त कर लिया जाएगा।