LOADING...
ट्रंप के अल्टीमेटम का समय नजदीक, ईरान में बिजली संयंत्रों के आसपास मानव श्रृंखला की तैयारी
ईरान में अमेरिकी हमले से पहले मानव श्रृंखला का आह्वान

ट्रंप के अल्टीमेटम का समय नजदीक, ईरान में बिजली संयंत्रों के आसपास मानव श्रृंखला की तैयारी

लेखन गजेंद्र
Apr 07, 2026
09:17 am

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी को देखते हुए ईरान ने देशभर के युवाओं को एकजुट होने और अपना समर्थन देने की अपील की है। ईरान के खेल एवं युवा मंत्रालय ने खिलाड़ियों, कलाकारों, छात्रों समेत सभी युवाओं से देश के प्रमुख बिजली संयंत्रों के आसपास इकट्ठा होने और मानव श्रृंखला बनाने का आह्वान किया है। बता दें कि ट्रंप ने युद्धविराम पर फैसला लेने के लिए ईरानी प्रशासन को मंगलवार रात का समय दिया है।

तैयारी

ईरान की क्या है तैयारी?

युवा मामलों के उपमंत्री अलीरेजा रहीमी ने कहा कि यह पहल युवाओं ने की है और कई विश्वविद्यालय के युवाओं, कलाकारों, युवा संगठनों ने प्रस्ताव दिया कि हम देश के बिजली संयंत्रों के चारों ओर एक मानव घेरा बनाएं। उन्होंने आगे कहा कि 'उज्ज्वल भविष्य के लिए ईरानी युवाओं की मानव श्रृंखला' नामक अभियान एकता और दृढ़ संकल्प को दर्शाने के लिए है, जो बुनियादी ढांचे की रक्षा का प्रतीक होगा। इस दौरान युवा संयंत्रों के चारों ओर खड़े होंगे।

धमकी

ट्रंप ने क्या दी है धमकी?

ट्रंप ने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और युद्धविराम पर समझौता करने के लिए मंगलवार रात 8 बजे (पूर्वी समय) तक का समय दिया है। ट्रंप ने कहा है कि अगर तेहरान कोई पहल नहीं करता है तो अमेरिका उनके बुनियादी ढांचों पर हमला करेगा और इस बार निशाना पुल और बिजली संयंत्र होंगे। ट्रंप ने बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने से संबंधित अंतरराष्ट्रीय चिंताओं को भी खारिज कर दिया है।

Advertisement

समझौता

ईरान ने अमेरिका का युद्धविराम समझौता नकारा

पाकिस्तान समेत अन्य देशों की मध्यस्थता में ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम को लेकर बातचीत चल रही है, लेकिन यह सफल नहीं हो सकी। ईरान ने अमेरिका के 45 दिनों के अस्थायी युद्धविराम और होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने वाले 15 सूत्रीय समझौते को मानने से इनकार कर दिया है और 10 सूत्रीय जवाब पाकिस्तान के जरिए भिजवाया है। ईरान स्थायी युद्धविराम चाहता है और होर्मुज खोलने के नियमों में भी बदलाव की मांग कर रहा है।

Advertisement