डोनाल्ड ट्रंप की धमकी, कहा- आज रात ईरान पर बड़ा हमला, खार्ग द्वीप पर कब्जा होगा
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ बढ़ते तनाव को देखते हुए गुरुवार को बड़ी धमकी दी है। उन्होंने सोशल मीडिया ट्रुथ पर लिखा कि अमेरिकी सेना आज रात ईरान पर बहुत बड़ा हमला करेगी और भविष्य में खार्ग द्वीप पर कब्जा कर लेगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान के प्रमुख तेल भंडारों पर नियंत्रण करने के लिए ठीक वैसे कदम उठाएगा, जैसे वेनेजुएला के लिए उठाया था।
बयान
ईरान के तेल और गैस बाजार पर नियंत्रण करेंगे- ट्रंप
ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा, 'अमेरिका आज रात ईरान पर जबरदस्त हमला करेगा (ईरान की नौसेना, वायुसेना, रडार, एंटी-एयरक्राफ्ट और रक्षा प्रणाली खत्म हो चुकी है)। आने वाले समय में, हम खार्ग द्वीप और तेल से जुड़े दूसरे इंफ्रास्ट्रक्चर पर कब्ज़ा कर लेंगे और उनके तेल और गैस मार्केट पर पूरी तरह नियंत्रण करेंगे, ठीक वैसे ही जैसे वेनेजुएला में किया है, जो वेनेजुएला और अमेरिका, दोनों के लिए बहुत बढ़िया साबित हो रहा है।'
धमकी
ट्रंप पहले भी दे चुके हैं ऐसी धमकी
ट्रंप ने 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद 7 फरवरी को ट्रुथ पर लिखा था कि अगर ईरान कोई समझौता नहीं करता है तो आज रात एक पूरी सभ्यता मर जाएगी, जो कभी वापस नहीं आएगी। उन्होंने समझौते के लिए 8 अप्रैल की शाम 8 बजे तक समयसीमा तय की और इसके बाद ईरान के सभी ब्रिज, पावर प्लांट, तेल संसाधन उड़ाने की धमकी थी। हालांकि, इसके बाद उन्होंने ईरान को 2 हफ्ते की मोहलत दे दी थी।