इस्लामाबाद में समझौता हुआ तो पाकिस्तान जाएंगे डोनाल्ड ट्रंप, कहा- ईरान युद्ध बहुत जल्द होगा समाप्त
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को संकेत दिया कि अगर इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता हो जाता है तो वह पाकिस्तान का दौरा कर सकते हैं। उन्होंने यह बात नेवादा के लिए रवाना होने से पहले व्हाइट हाउस के लॉन में पत्रकारों से बात करते हुए कही। ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत की स्थिति सकारात्मक गति दिखा रही है। उन्होंने संकेत दिया कि जल्द ही एक समझौता हो सकता है।
दौरा
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और फील्ड मार्शल को महान बताया
ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "अगर इस्लामाबाद में समझौता हो जाता है, तो मैं जा सकता हूं। वे मुझे चाहते हैं।" उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को सुगम बनाने में पाकिस्तान की भूमिका की सराहना की, इसकी भागीदारी को रचनात्मक बताते हुए कहा कि पाकिस्तानी मध्यस्थ बहुत ही शानदार रहे हैं। उन्होंने पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को महान बताया।
घोषणा
जल्द होगी समाप्त होगा युद्ध, गिरेंगी तेल की कीमतें- ट्रंप
ट्रंप ने समझौते को लेकर आगे कहा, "मुझे लगता है कि अभी हमारी बातचीत बहुत सफल चल रही है। अगर यह सफल हुआ, तो इसकी घोषणा जल्द की जाएगी, और इससे हमें मुफ्त तेल, मुफ्त होर्मुज जलडमरूमध्य मिलेगा, सब कुछ अच्छा होगा। और मुझे लगता है कि तेल की कीमतें पहले से भी कम हो जाएंगी।" ट्रंप ने लास वेगास में एक कार्यक्रम में फिर दोहराया कि ईरान में स्थिति बहुत अच्छी है और बहुत जल्द समाप्त हो सकती है।
युद्धविराम
इजरायल और लेबनान के बीच युद्धविराम लागू
इजरायल और लेबनान के बीच अगले 10 दिन का युद्धविराम लागू हो गया है। पिछले हफ्ते दोनों के बीच घातक हमलों ने ईरान-अमेरिका के युद्धविराम को भी खतरे में डाला था। ट्रंप ने युद्धविराम की घोषणा के बाद ट्रुथ पर लिखा, 'मुझे उम्मीद है कि हिज़्बुल्लाह इस महत्वपूर्ण समय के दौरान अच्छा और सही बर्ताव करेगा। अगर वे ऐसा करते हैं, तो यह उनके लिए एक बहुत ही शानदार पल होगा। अब और कोई हत्या नहीं। शांति होनी ही चाहिए!'