डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा, कहा- मोजतबा खामेनेई या तो मर चुके या हैं घायल
क्या है खबर?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई या तो मर चुके हैं या उनकी हालत बेहद खराब है। उन्होंने यह बात पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच यह बताते हुए कही कि अमेरिकी सैन्य अभियानों ने ईरान के नेतृत्व को लगभग नष्ट कर दिया है। ट्रंप ने हाल ही में कहा था, "उनके नेता मर चुके हैं। उनके सर्वोच्च नेता अब सर्वोच्च नहीं रहे। उनकी मृत्यु हो चुकी है।"
दावा
अमेरिका ने ईरान के रक्षा तंत्र को नष्ट कर दिया- ट्रंप
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिकी सेना ने ईरान की रक्षा क्षमताओं को नष्ट कर दिया है, जिसमें उसकी वायुसेना, नौसेना और कमान संरचना शामिल है। उन्होंने कहा, "उनकी वायुसेना पूरी तरह से नष्ट हो चुकी है। उसका कोई विमान नहीं बचा है, वह पूरी तरह से निष्क्रिय है।" उन्होंने कहा कि ईरान के सभी 22 बारूदी सुरंग गिराने वाले जहाज नष्ट हो चुके हैं और उनकी विमानरोधी और संचार क्षमताएं पूरी तरह नष्ट कर दी गई हैं।
पुष्टि
कुछ अधिकारियों ने की खामेनेई के घायल होने की पुष्टि
मोजतबा खामेनेई, जिन्हें 28 फरवरी को अमेरिकी-इजरायली सैन्य अभियान में उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद ईरान का नया सर्वोच्च नेता चुना गया था, कथित तौर पर घायल हैं। कुछ ईरानी अधिकारियों ने पुष्टि की है कि उन्हें हमले में चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। अपुष्ट खबरों के अनुसार, वे कोमा में हो सकते हैं और चिकित्सकों की टीम उनके उपचार में जुटी है।
तनाव
मिसाइल हमलों से पश्चिम एशिया में बढ़ा संघर्ष
पश्चिम एशिया में युद्ध लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरान ने इजरायल और अमेरिकी सैन्य ठिकानों वाले खाड़ी अरब देशों पर मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं। सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर हुए हमले में 12 अमेरिकी सैनिक घायल हो गए। वहीं, इजरायल ने ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान बढ़ाने का इरादा जताया है, क्योंकि अमेरिकी सेना ईरानी ठिकानों पर हमले जारी रखे हुए है। ऐसे में युद्ध के समाप्त होने का रास्ता नहीं दिख रहा है।