LOADING...
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को 28 लाख करोड़ रुपये देने की बात ठुकराई, कहा- फर्जी खबर
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को 28 लाख करोड़ रुपये देने की बात ठुकराई

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को 28 लाख करोड़ रुपये देने की बात ठुकराई, कहा- फर्जी खबर

लेखन गजेंद्र
Jun 16, 2026
09:40 am

क्या है खबर?

ईरान के साथ समझौते पर सहमति के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन दावों का खंडन किया है, जिसमें ईरान को पुनर्निर्माण के लिए 300 अरब डॉलर (करीब 28 लाख रुपये) देने की बात कही जा रही है। ट्रंप ने मंगलवार को ट्रुथ पर बताया कि ईरान को 300 अरब डॉलर देने की खबर पूरी तरह झूठी है, जो डेमोक्रेट्स ने फैलाई है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान परमाणु हथियार कभी न बनाने पर सहमत हुआ है।

बयान

ट्रंप ने क्या कहा?

ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा, 'ईरान कभी भी परमाणु हथियार न बनाने पर सहमत हो गया है! साथ ही, यह खबर कि अमेरिका ईरान को 30 करोड़ डॉलर दे रहा है, डेमोक्रेट्स द्वारा फैलाई गई झूठी खबर है।' ट्रंप ने अपनी पोस्ट में 30 करोड़ डॉलर का जिक्र किया है, जबकि मीडिया में 300 अरब डॉलर का जिक्र है। ट्रंप ने यह पोस्ट तब किया, जब ईरान-अमेरिका शर्तों पर सहमत हैं। समझौते पर हस्ताक्षर 19 जून को स्विट्जरलैंड में होंगे।

समर्थन

अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने भी किया समर्थन

राष्ट्रपति ट्रंप के कथन का उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी समर्थन किया है। हालांकि, उन्होंने 300 अरब डॉलर के मुआवजे का जिक्र नहीं किया। उन्होंने एक्स पर साझा एक वीडियो में कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप शुरू से स्पष्ट रहे हैं, ईरान के पास कभी परमाणु हथियार नहीं होगा। अमेरिका और राष्ट्रपति ट्रंप से नफरत करने वाले लोगों की तमाम कोशिशों के बावजूद, शांति कायम करने की राष्ट्रपति ट्रंप की कोशिशें एक बार फिर अमेरिकी लोगों के लिए फायदेमंद साबित हुई हैं।"

Advertisement

मुआवजा

ईरान की एजेंसी ने मुआवजे का किया था दावा

अमेरिका-ईरान के बीच समझौते की जिन शर्तों पर सहमति बनी है, उनकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई, लेकिन ईरान की मेहर एजेंसी ने 300 अरब डॉलर के मुआवजे का जिक्र किया था। उसके मुताबिक, अमेरिका और उसके सहयोगी देश ईरान के पुनर्निर्माण के लिए करीब 28 लाख करोड़ रुपये की मदद देंगे। इसके अलावा, विदेशों में फंसे ईरान के 2,286 करोड़ रुपये भी जारी होंगे। एजेंसी के मुताबिक, अंतिम बातचीत शुरू होने से ईरान को बड़ी राशि मिल सकती है।

Advertisement