डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को दिया 48 घंटो का समय, कहा- उसके बाद टूट पड़ेगा कहर
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अपने नवीनतम हमले में चेतावनी दी है कि समय तेजी से बीत रहा है और अगर तेहरान होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की उनकी समय सीमा का पालन नहीं करता है तो उन पर कहर टूट पड़ेगा। इससे पहले ईरान के साथ चल रही बातचीत को लेकर आशावादी रुख अपनाते हुए ट्रंप ने महत्वपूर्ण ऊर्जा आपूर्ति मार्ग को फिर से खोलने की समय सीमा 10 दिन बढ़ाकर 6 अप्रैल कर दी थी।
चेतावनी
ट्रंप ने क्या दी चेतावनी?
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'याद रखें जब मैंने ईरान को समझौता करने या होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए 10 दिन का समय दिया था? समय तेजी से बीत रहा है, 48 घंटे बाद उन पर कहर टूट पड़ेगा। ईश्वर की महिमा हो!' ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने अपने ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमलों को 7 दिनों के लिए रोकने का अनुरोध किया था। उसके बाद ही उन्होंने हमला न करने की समय सीमा को बढ़ाया था।
दावा
ट्रंप ने किया था ईरान द्वारा समय मांगने का दावा
राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले ईरान की ओर से और समय मांगे जाने को लेकर कहा था, "उन्होंने (ईरान) मुझसे बहुत विनम्रता से कहा था कि क्या हमें और समय मिल सकता है?" हालांकि, ईरान ने अमेरिकी प्रस्ताव को एकतरफा और अनुचित बताकर खारिज कर दिया है। ईरान के संसद अध्यक्ष ने बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य भी बंद करने की धमकी दी है। इस जलडमरूमध्य से स्वेज नहर से आवागमन वाले वैश्विक कंटेनर परिवहन का लगभग 25 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है।