LOADING...
डोनाल्ड ट्रंप पहुंचे चीन, ईरान युद्ध और टैरिफ समेत कई मुद्दों पर होगी बात
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बीजिंग में स्वागत किया गया

डोनाल्ड ट्रंप पहुंचे चीन, ईरान युद्ध और टैरिफ समेत कई मुद्दों पर होगी बात

लेखन गजेंद्र
May 13, 2026
06:51 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार शाम को चीन के दौरे पर पहुंच गए। यहां वे 13 मई से 15 मई तक आधिकारिक प्रवास पर रहेंगे। बीजिंग में उनका स्वागत चीनी उपराष्ट्रपति हान झेंग ने किया। उनके साथ चीन में अमेरिकी राजदूत डेविड पर्ड्यू, अमेरिका में चीनी राजदूत शी फेंग, चीन के कार्यकारी उपविदेश मंत्री मा झाओक्सू सहित अन्य उपस्थित थे। उनके स्वागत के लिए 300 चीनी युवक-युवतियां नीली-सफेद वर्दी में चीनी-अमेरिकी झंडे लहराते हुए हवाई अड्डे पर मौजूद रहे।

मुलाकात

कल होगी शी जिनपिंग से मुलाकात

अमेरिका और चीन शिखर सम्मेलन गुरुवार को शुरू होगा। तभी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ट्रंप का औपचारिक स्वागत करेंगे। दोनों पक्षों के बीच द्विपक्षीय वार्ता और राजकीय भोज का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान व्यापार, ईरान युद्ध और ताइवान को अमेरिका द्वारा हथियारों की बिक्री सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी। ट्रंप के साथ टेस्ला और स्पेसएक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एलन मस्क, एनवीडिया के जेन्सेन हुआंग सहित कई अन्य तकनीकी कंपनियों के CEO भी बीजिंग आए हैं।

दौरा

पिछले साल दक्षिण कोरिया में मिले थे ट्रंप और शी

अमेरिका में सत्ता में वापसी के बाद ट्रंप की यह पहली चीन की 2 दिवसीय यात्रा है, जो अमेरिका-चीन संबंधों के नाजुक दौर में हो रही है। इससे पहले दोनों वैश्विक नेताओं ने अक्टूबर 2025 में दक्षिण कोरिया में मुलाकात की थी। ट्रंप यात्रा के बीच ऐतिहासिक स्वर्ग मंदिर 'तियानतान' का भ्रमण भी करेंगे। ट्रंप की यात्रा से अमेरिका वाणिज्यिक जीत हासिल करने, व्यापार, प्रौद्योगिकी और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं पर तनाव कम करने में सफलता की संभावना जता रहा है।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

ट्रंप का चीन में स्वागत

Advertisement