बेल्जियम: सीवर खुदाई में मिला 98 करोड़ रुपये का सोने का जखीरा, देखते ही दंग रह गए मजदूर
बेल्जियम के डेंडरमोंडे शहर में कुछ निर्माण मजदूर सीवर के प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे। तभी उन्हें वहां सोने की ईंटें और सिक्के मिले, जिसे देखकर वे हैरान रह गए। खुदाई के दौरान 49 सोने की ईंटें और एक बाल्टी भरकर सिक्के बरामद हुए, जिनकी कीमत लगभग 98 करोड रुपये आंकी गई है। यह खजाना ब्रसेल्स से सिर्फ 29 किलोमीटर दूर मिला। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इस खजाने को एक सुरक्षित सरकारी तिजोरी में रखवा दिया।
खजाने के असली मालिक और ठिकाने की तलाश जारी
पुलिस और सरकार अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि यह खजाना कहां से आया और इसका असली मालिक कौन है। बेल्जियम के कानून के अनुसार, खजाने के असली मालिक को इस पर दावा करने के लिए 5 साल का वक्त दिया जाता है। शुरुआत में मजदूरों को लगा कि ये सिर्फ सामान्य सिक्के हैं, लेकिन जब उनकी नजर सोने की ईंट पर पड़ी, तो वे दंग रह गए। 18 साल के छात्र और मजदूर कोबे ने बताया, "हमारी पहली प्रतिक्रिया अविश्वास और हैरानी की थी। हमें तो कभी उम्मीद भी नहीं थी कि हमें सोना मिलेगा।" 33 साल से इसी क्षेत्र में काम कर रहे उनके प्रबंधक ने भी कहा कि उन्होंने अपने पूरे करियर में ऐसी कोई चीज नहीं देखी थी। फिलहाल, सुरक्षा कारणों से उस इलाके में लोगों के आने-जाने पर पाबंदी लगा दी गई है।