कनाडा में 25 साल के भारतीय का शव जली कार में मिला, लक्षित हत्या का शक
क्या है खबर?
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में एक 25 वर्षीय भारतीय युवक का शव एक जली हुई कार के अंदर मिला है। यह कार पिछले महीने 29 अक्टूबर को लैंगली इलाके में मिली है। कार के अंदर से मिला शव सरे के रहने वाले तुषार शर्मा का है। शव बुरी तरह जला हुआ था। जांच के बाद उसकी पहचान भारतीय युवक के तौर पर हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इसे लक्षित हत्या बताया जा रहा है।
हत्या
क्या है मामला?
CBC न्यूज के मुताबिक, 29 अक्टूबर को रात साढ़े 10 बजे रॉलिसन क्रेसेंट के 23300 ब्लॉक में एक कार में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकलकर्मी पहुंचे।
आग बुझाते समय फायरफाइटर्स को कुछ ऐसा मिला जो इंसानी अवशेष लग रहे थे। इसके बाद इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) को जांच सौंपी गई।
जांच एजेंसी ने बाद में उसकी पहचान का खुलासा किया। जांच टीम उसके परिवार से संपर्क में है।
जांच
जांच में क्या पता चला?
शुरुआती जांच से पता चला कि शर्मा की मौत अचानक नहीं हुई थी। पुलिस को शक है कि उसे जानबूझकर मारा गया और सबूत मिटाने के लिए कार में आग लगा दी गई।
जांच कर रही IHIT ने कहा कि शर्मा का कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं था और कनाडा में उसके बहुत सीमित जान-पहचान के लोग थे।
जांच में लैंग्ली रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP), फोरेंसिक टीम और BC कोरोनर्स सर्विस शामिल हैं, जो IHIT की मदद कर रहे हैं।