ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने किया पद से इस्तीफा देने का ऐलान, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने लेबर पार्टी के भीतर बढ़ते दबाव के आगे घुटने टेक दिए, क्योंकि महीनों से उनकी लोकप्रियता में गिरावट आ रही थी और नेतृत्व परिवर्तन की मांग बढ़ रही थी। स्टार्मर पिछले 10 वर्षों में छठे ऐसे ब्रिटिश प्रधानमंत्री हैं जिन्हें अपना पूरा कार्यकाल पूरा करने से पहले ही पद से हटने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
संबोधन
स्टार्मर ने अपने संबोधन में क्या कहा?
10 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर राष्ट्र को संबोधित करते स्टार्मर ने कहा, "6 साल पहले मुझे लेबर पार्टी की विरासत मिली थी। उस समय पार्टी राजनीतिक, आर्थिक और नैतिक रूप से कमजोर स्थिति में थी। मुझे बार-बार कहा गया कि मेरी पार्टी खत्म हो चुकी है। हमने लोगों को गलत साबित किया। हमने अपनी पार्टी को बदल दिया।" उन्होंने कहा, "हमारी कड़ी मेहनत ने पार्टी को बदला है और न्यायपूर्ण ब्रिटेन के दृष्टिकोण को मजबूत करने में मदद की है।"
रिकॉर्ड
स्टार्मर ने अपनी सरकार के आर्थिक रिकॉर्ड की ओर भी किया इशारा
स्टार्मर ने कहा, "हमने पार्टी से यहूदी-विरोधी तत्वों को खत्म किया। हमने एक मजबूत अर्थव्यवस्था, तेजी से बढ़ती मजदूरी, सुरक्षित निवेश, मितव्ययिता का अंत और श्रमिकों के अधिकारों में सबसे बड़ा सुधार हासिल किया है। हमारे प्रशासन ने 5 लाख लोगों को गरीबी से बाहर निकालकर सुनिश्चित किया कि ब्रिटेन गरिमा और सम्मान के लिए खड़ा रहे।" उन्होंने कहा, "मेरी पार्टी अब सवाल पूछ रही है कि क्या मैं अगले चुनाव में नेतृत्व करने के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति हूं।"
ऐलान
स्टार्मर ने इस तरह किया इस्तीफे का ऐलान
स्टार्मर ने कहा, "मेरे हर फैसले का मकसद देश हित को पहले स्थान पर रखना था। अब मैं लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा दे रहे हूं और यह निर्णय पूरी गरिमा के साथ स्वीकार कर रहा हूं।" हालांकि, उन्होंने कहा कि वे संक्रमण काल के दौरान प्रधानमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल जारी रखेंगे। उन्होंने आगे कहा, "नए नेता यानी नए प्रधानमंत्री के चुने जाने तक मैं अंतरिम रूप से प्रधानमंत्री के रूप में अपना पद जारी रखूंगा।"
स्थिति
स्टार्मर की स्थिति लगातार हो रही थी कमजोर
विवादों की एक श्रृंखला, नीतिगत उलटफेर और घटते जनसमर्थन के बाद से स्टार्मर की स्थिति महीनों से लगातार दबाव में थी। लेबर पार्टी के भीतर और बाहर के आलोचकों ने उनकी सरकार पर 2024 के चुनाव अभियान के दौरान किए गए जीवन स्तर में सुधार के वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया। हाउस ऑफ कॉमन्स में पार्टी के लगभग एक चौथाई यानी 100 से अधिक लेबर सांसदों ने उनसे इस्तीफा देने की मांग की थी।
दबाव
बर्नहैम की जीत के बाद स्टार्मर पर बढ़ा दबाव
स्टार्मर पर ग्रेटर मैनचेस्टर के पूर्व मेयर एंडी बर्नहैम के संसदीय चुनाव जीतने और वेस्टमिंस्टर लौटने के बाद दबाव काफी बढ़ गया था। बर्नहैम ने लेबर पार्टी के नेतृत्व के लिए स्टारमर को चुनौती देने के घोषित लक्ष्य के साथ चुनाव प्रचार किया था। निगेल फराज की रिफॉर्म UK पार्टी के उम्मीदवार पर उनकी जीत को कई लेबर सांसदों ने इस बात के सबूत के तौर पर देखा कि वह पार्टी को पुनर्जीवित कर सकते हैं।
दावेदार
कौन हो सकता है अगला प्रधानमंत्री?
स्टार्मर के इस्तीफे का ऐलान करने के बाद अब बर्नहैम को अगले प्रधानमंत्री के लिए एक प्रमुख दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। संसदीय सीट जीतने के बाद अपने विजय भाषण में उन्होंने देश के लिए नए रास्ते का वादा किया। हालांकि, उन्होंने औपचारिक रूप से स्टार्मर को चुनौती नहीं दी। इसी तरह देश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रीटिंग ने भी नेतृत्व की दौड़ में शामिल होने की इच्छा जताई है।