स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग में लोगों पर चाकू से हमला, स्कूल में घुसना चाह रहा था हमलावर
क्या है खबर?
स्कॉटलैंड की राजधानी एडिनबर्ग में सोमवार को एक व्यक्ति ने 2 बड़े चाकू लेकर लोगों पर हमला बोल दिया। घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि 2 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्कॉटिश पुलिस बल के मुख्य निरीक्षक स्कॉट कैनेडी ने कहा कि वारदात को सुबह काल्डर गार्डन्स में एक आवासीय इलाके में अंजाम दिया गया है, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने इसे आतंकवादी घटना मानने से इनकार किया है।
चाकू से हमला
दुकानों में लूटपाट का दावा
स्थानीय लोगों ने बताया कि हमलावर को सुबह हमले से पहले एक स्थानीय कैफे के पीछे घूमते हुए देखा गया था। इसके बाद उसने इलाके में कई लोगों को चाकू मारा। इस दौरान एक स्थानीय दुकान में लूटपाट की जानकारी भी सामने आई है। उसने दुकान में तोड़फोड़ मचा दी और दुकानदार को चाकू लेकर दौड़ा लिया। पुलिस ने आरोपी हमलावर को पकड़ने के लिए पूरे इलाके में घेराबंदी कर ली। टावर ब्लॉक को सील कर दिया गया है।
वारदात
स्कूल में घुसना चाह रहा था आरोपी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक स्थानीय निवासी, एबिगेल क्लेग ने बताया कि चाकू लिए हमलावर पहले स्कूल और नर्सरी में घुसने की कोशिश कर रहा था, जिसके बाद उसे खदेड़ दिया गया। वरना बड़ी घटना हो सकती थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर काबू पा लिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि, घटना के बाद भी इलाके में छह पुलिस वाहन और सशस्त्र पुलिस अधिकारी गश्त करते रहे। बता दें कि स्कॉटलैंड ब्रिटेन का हिस्सा है।