नेतन्याहू ने इजरायली चुनाव से पहले दुश्मनों के हमलों की चेतावनी दी, कहा- पंगा मत लो
क्या है खबर?
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को कहा कि देश में 27 अक्टूबर को होने वाले चुनाव से पहले दुश्मन हमला करने का प्रयास कर सकते हैं। नेतन्याहू ने यह बात तेल नोफ वायुसेना अड्डे के दौरे के दौरान कही है, जिसका वीडियो उनके प्रधानमंत्री कार्यालय ने जारी किया है। नेतन्याहू ने कहा कि ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि दुश्मन चुनाव से पहले इजरायल पर हमला करने की कोशिश करेंगे।
बयान
नेतन्याहू बोले- हमसे पंगा मत लो
नेतन्याहू ने आगे कहा, "मैं हमारे दुश्मनों को एक संदेश भेज रहा हूं, हमसे पंगा मत लो। हमारी लंबी पहुंच तुम तक कहीं भी, कभी भी हो सकती है।"
हालांकि नेतन्याहू ने कथित धमकियों की पहचान नहीं बताई और यह भी नहीं बताया कि हमला करने वालों में कौन से समूह या देश शामिल हो सकते हैं।
नेतन्याहू की चेतावनी के बाद विपक्षी नेता यायर लैपिड ने आपातकालीन सुरक्षा संबंधी जानकारी मांगी और पूछा कि क्या धमकियां विश्वसनीय हैं।
बयान
नेतन्याहू के बयान पर विपक्षी पार्टियों का हमला
जेरूसलम पोस्ट के मुताबिक, विपक्षी नेता के अलावा गादी आइज़ेनकोट के नेतृत्व वाली यशर पार्टी ने भी कहा कि यह चेतावनी कोई राजनीतिक स्टंट न हो, इसलिए प्रधानमंत्री को विपक्षी नेता को पूरी जानकारी देनी चाहिए।
बता दें, लैपिड और नेतन्याहू के बीच सुरक्षा मुद्दे पर मंगलवार रात 11:30 बजे बैठक होनी थी और उससे पहले सुरक्षा कैबिनेट की भी बैठक होनी थी, जो नहीं हुई।
नेतन्याहू की चेतावनी के बाद लैपिड ने प्रधानमंत्री से बैठक बुलाने को कहा है।
विवाद
7 अक्टूबर को लेकर थमा नहीं है विवाद
पिछले दिनों खबर आई कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने 7 अक्टूबर 2023 को हमास के बड़े हमले से 10 दिन पहले नेतन्याहू को अलर्ट किया था।
इसके बाद, मिस्र के खुफिया प्रमुख अब्बास कामेल ने भी जून से सितंबर 2023 के बीच नेतन्याहू के प्रधानमंत्री कार्यालय को बड़े हमले की साजिश की जानकारी दी थी।
यह जानकारी सामने आने के बाद नेतन्याहू सवालों के घेरे में आ गए हैं।