प्रधानमंत्री तारिक रहमान का भारत दौरा हसीना के मुद्दे पर अटका, बांग्लादेश चाहता है ये आश्वासन
क्या है खबर?
बांग्लादेश के नवनियुक्त प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भारत की ओर से नई दिल्ली आने का न्यौता मिला है, लेकिन उनकी यात्रा का कार्यक्रम पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के मुद्दे पर अटका है। डेली स्टार ने शुक्रवार को राजनयिक सूत्रों के हवाले से बताया कि प्रधानमंत्री तारिक की यात्रा इस बात पर निर्भर करती है कि भारत उनको अपदस्थ प्रधानमंत्री हसीना को लेकर आश्वासन दें। भारत के आश्वासन के बाद तारिक यात्रा की हामी भर सकते हैं।
आश्वासन
क्या आश्वासन चाहता है बांग्लादेश?
अभी तक बांग्लादेश भारत से हसीना का प्रत्यर्पण मांग रहा था, जबकि अब नई शर्त हसीना को किसी प्रकार की गतिविधि से रोकने की है।
रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश आश्वासन चाहता है कि भारत हसीना को उसकी धरती से ऐसी गतिविधियों में शामिल होने की अनुमति न दे, जिससे बांग्लादेश में अस्थिरता पैदा हो सके।
बता दें कि हसीना ने बांग्लादेश सरकार की आपत्तियों के बावजूद 5 अगस्त को दिल्ली में पत्रकार वार्ता करके सबको चौंका दिया था।
प्रस्ताव
तारिक द्विपक्षीय बैठक करने के इच्छुक हैं
रिपोर्ट में राजनयिक सूत्रों ने बताया कि तारिक भारत दौरा करने और जल्द द्विपक्षीय बैठक करने के इच्छुक हैं। हालांकि, यह BRICS शिखर सम्मेलन से अलग द्विपक्षीय बैठक हो सकती है।
सूत्रों ने कहा, "तारिक दौरा करेंगे या नहीं, यह काफी हद तक इस बात पर निर्भर है कि भारत हसीना के मुद्दे पर कैसे प्रतिक्रिया देता है।"
विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबैद ने कहा कि हसीना की भारत में उपस्थिति ढाका-दिल्ली संबंध सुधारने में एक बाधा है।
आमंण
BRICS के लिए किया गया है आमंत्रित
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने प्रधानमंत्री को 2 निमंत्रण भेजे हैं। पहला न्यौता फरवरी में रहमान के प्रधानमंत्री बनते ही भेजा गया था, जबकि दूसरा न्यौता 12-13 सितंबर को BRICS सम्मेलन में भाग लेने के लिए जुलाई में भेजा था।
सोमवार को बांग्लादेशी विदेश मंत्री खलिलुर रहमान ने कहा कि सरकार ने अभी तक यह तय नहीं किया है कि प्रधानमंत्री BRICS सम्मेलन में भाग लेंगे या नहीं।
20 अगस्त को बांग्लादेश में राष्ट्रपति चुनाव है।