बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने दिया पद से इस्तीफा, जानिए क्या रहा कारण
क्या है खबर?
बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने देश में जारी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच शुक्रवार (24 जुलाई) को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से मंजूर कर लिया गया है। बांग्लादेशी संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने इस मुद्दे पर एक प्रेस कॉफ्रेंस बुलाकर इसकी घोषणा की। बांग्लादेश के संविधान के मुताबिक, नए राष्ट्रपति के चुनाव तक स्पीकर ही कार्यवाहक राष्ट्रपति के तौर पर कामकाज संभालेंगे।
कारण
राष्ट्रपति ने क्या बताया इस्तीफे का कारण?
76 वर्षीय शहाबुद्दीन ने आधिकारिक तौर पर पद छोड़ने के पीछे गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं का हवाला दिया है।
उन्होंने बताया कि वह हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और किडनी की समस्याओं से जूझ रहे हैं। चिकित्सा जांच में उन्हें 'ऑटोनोमिक न्यूरोपैथी' नामक गंभीर तंत्रिका बीमारी का पता चला है, जिसके कारण वह कभी-कभी अचानक बेहोश हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि लंबे उपचार की आवश्यकता होने के कारण राष्ट्रपति के कर्तव्यों का पालन करना असंभव हो गया है।
राजनीति
शेख हसीना से नजदीकी भी माना जा रहा कारण
शहाबुद्दीन को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का करीबी माना जाता है। उन्होंने हाल में हसीना से बात भी की थी, जिसके बाद वह विरोधियों के निशाने पर थे।
नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार और छात्र संगठन उनके इस पद पर बने रहने से असहज थे।
इसके चलते उन पर इस्तीफे का भारी दबाव बना हुआ था।
ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार के कहने पर ही उन्होंने बीमारी के बहाने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
कार्यकाल
शहाबुद्दीन ने कार्यकाल खत्म होने से पहले दिया इस्तीफा
शहाबुद्दीन ने 24 अप्रैल, 2023 को बांग्लादेश के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। उन्हें सत्तारूढ अवामी लीग के उम्मीदवार के रूप में निर्विरोध चुना गया था।
उनका 5 साल का कार्यकाल अप्रैल 2028 में खत्म होने वाला था, लेकिन उन्होंने पहले ही इस्तीफा दे दिया है।
इस्तीफे के बाद अटकलें हैं कि कैबिनेट सचिव नसीमुल गनी बांग्लादेश के नए राष्ट्रपति बन सकते हैं। उनका नाम शीर्ष संभावित उत्तराधिकारी के रूप में सामने आ रहा है।