बांग्लादेशी प्रधानमंत्री के सलाहकार को दिल्ली हवाई अड्डे पर रोका गया, ढाका में भारतीय राजनयिक तलब
क्या है खबर?
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सलाहकार जाहिद उर रहमान को रविवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रोक दिया गया था, जिससे कूटनीतिक विवाद बढ़ता दिख रहा है। बांग्लादेश की प्रोथोम आलो वेबसाइट ने बताया कि घटना के बाद कार्यवाहक भारतीय उच्चायुक्त पवन बधे को सोमवार दोपहर को राजधानी ढाका में विदेश मंत्रालय में तलब किया गया है। बांग्लादेश के मंत्रालय ने जाहिद के साथ घटी घटना पर नाराजगी और असंतोष जताया है।
घटना
क्या है मामला?
तारिक के सूचना सलाहकार जाहिद विदेश मंत्रालय की ओर से 15-16 जून को आयोजित इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन (IORA) की 2 दिवसीय बैठक में शामिल होने आए थे। वे जैसे ही हवाई अड्डा पहुंचे, उनका नाम सुरक्षा संबंधी निगरानी सूची में होने के कारण यहां भारतीय आव्रजन अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया और 2 घंटे इंतजार कराया। हालांकि, बाद में उनको जाने की अनुमति मिल गई, लेकिन जाहिद नाराज होकर हवाई अड्डे से ही कोलंबो होते हुए ढाका लौट गए।
समस्या
बांग्लादेश ने कहा- उम्मीद नहीं थी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जाहिद राजनयिक पासपोर्ट के बजाय सार्क स्टिकर वाले सामान्य हरे पासपोर्ट पर यात्रा कर रहे थे, जिससे आव्रजन अधिकारियों का संशय बढ़ा। बताया जा रहा है कि उनका सोशल मीडिया से संबंधित ब्लैकलिस्ट से पहले ही हटा दिया गया था। हालांकि, प्रशासनिक त्रुटि के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई। बांग्लादेशी विदेश मंत्रालय की राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा कि प्रधानमंत्री के सलाहकार के साथ जो कुछ हुआ, उसकी उम्मीद नहीं थी।