LOADING...
बांग्लादेश: मयमनसिंह में दीपू दास की हत्या के लिए लोगों को भड़काने वाला मदरसा शिक्षक गिरफ्तार
बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या के लिए भीड़ को उकसाने वाला यासीन गिरफ्तार

बांग्लादेश: मयमनसिंह में दीपू दास की हत्या के लिए लोगों को भड़काने वाला मदरसा शिक्षक गिरफ्तार

लेखन गजेंद्र
Jan 08, 2026
04:16 pm

क्या है खबर?

बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास (27) की हत्या में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके ऊपर भीड़ को उकसाने का आरोप है। आरोपी की पहचान यासीन अराफात (25) के रूप में हुई है, जो भालुका उपजिला के दक्षिण हबीरबारी कोरीताला मोर इलाके में रहता है। यासीन को बुधवार दोपहर ढाका के डेमरा पुलिस स्टेशन के सरुलिया इलाके से गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ जारी है।

जांच

मदरसे में पढ़ाता है आरोपी

प्रोथोम अलो ने मयमनसिंह के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) अब्दुल्ला अल-मामून के हवाले से बताया कि आरोपी यासीन भालुका उपजिला के काशर क्षेत्र में शेखबारी मस्जिद में मौलाना है और मदीना तहफिज़ुल कुरान मदरसा में शिक्षक है। अल-मामून ने बताया कि घटना के वीडियो में यासीन को अपने भाषण से लोगों को उकसाते हुए दिखाया गया है। वह पुलिस पर दबाव बनाना चाहता था और बयान लेना चाहता था ताकि दीपू हत्याकांड के बाद किसी को गिरफ्तार न किया जाए।

जांच

मदरसों में छिप रहा था यासीन

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी यासीन 18 दिसंबर को दीपू की हत्या के बाद से ढाका के सरुलिया इलाके में स्थित विभिन्न मदरसों में लगातार 12 दिनों तक छिपा था। इस बीच उसने एक स्थानीय मदरसे में शिक्षक के रूप में भी काम करना शुरू कर दिया। तभी खुफिया जानकारी पर यासीन छापेमारी के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी को पुलिस रिमांड में लेने के बाद कोर्ट में पेश किया गया है।

Advertisement

गिरफ्तार

अब तक 21 गिरफ्तार, 9 ने जुर्म कबूला

रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने अब तक हत्या के मामले में कुल 21 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें 9 ने कोर्ट में अपना जुर्म कबूला है। पुलिस ने 21 दिसंबर को मुख्य आरोपी नीरोब इस्लाम (20) को गिरफ्तार किया था, जो दीपू के साथ पायनियर निटवेयर्स (बीडी) लिमिटेड कारखाने में निटिंग ऑपरेटर था। उसने ही दीपू को रस्सी से बांधकर खींचा था और आग लगाया था। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रही है।

Advertisement

घटना

क्या है मामला?

मयमनसिंह में 18 दिसंबर की रात पायनियर निटवेअर्स कपड़ा फैक्ट्री के कर्मचारी दीपू की धर्म का अपमान करने के आरोप में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। बाद में, उन्हें नग्न अवस्था में फैक्ट्री से एक किलोमीटर दूर ढाका-मयमनसिंह राजमार्ग के चौक में पेड़ से लटका दिया और शव में आग लगा दी। मृतक के भाई अपू दास ने 140-150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। घटना पर भारत समेत कई देशों ने निंदा कर विरोध जताया है।

Advertisement