LOADING...
बांग्लादेश में खसरा का प्रकोप बढ़ने से 300 मौत, 24 घंटे में 12 की जान गई
बांग्लादेश में खसरा का प्रकोप बढ़ने से अब तक 300 मौत

बांग्लादेश में खसरा का प्रकोप बढ़ने से 300 मौत, 24 घंटे में 12 की जान गई

लेखन गजेंद्र
May 08, 2026
04:16 pm

क्या है खबर?

बांग्लादेश में खसरा का प्रकोप बढ़ रहा है। यह 61 जिलों में फैल चुका है और मरीजों की संख्या 45,000 से अधिक हो गई है। ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक, गुरुवार को आई रिपोर्ट में पता चला कि पिछले 24 घंटे में बीमारी से 12 बच्चों ने दम तोड़ दिया है। इनमें 5 मौत राजधानी ढाका में दर्ज की गई है। बांग्लादेश में स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय ने बताया कि देशभर में मौत का आंकड़ा 300 से अधिक हो गया है।

प्रकोप

15 मार्च से मिलना शुरू हुए मरीज

बांग्लादेश में 15 मार्च से खसरा के मरीज मिलना शुरू हुए हैं, जिसकी अभी तक रोकधाम नहीं हुई। देशभर में हुई 300 मौत में अब तक खसरे से पुष्ट मौत 57 है, जबकि 279 संदिग्ध बताई जा रही है। स्वास्थ्य महानिदेशालय के मुताबिक, 15 मार्च से अब तक खसरा के संदिग्ध कुल 31,912 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 28,238 ठीक हो चुके हैं। इस बीच, 1,238 नए संदिग्ध मिलने से कुल संख्या 45,498 हुई है।

योजना

अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस दोषी?

बांग्लादेश में पिछले महीने खसरे का प्रकोप बढ़ने के बाद आपातकालीन टीकाकरण अभियान शुरू किया। बांग्लादेश में हर 4 साल में विशेष खसरा टीकाकरण अभियान चलता है। हालांकि, 2020 के बाद से ये अभियान कोरोना वायरस और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के तख्तापलट के कारण रुका था। डेली स्टार के मुताबिक, अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद युनुस ने 18 महीने में टीके खरीद में देरी की, जिससे इसका स्टॉक खत्म होने से अभियान शुरू नहीं हो सका।

Advertisement

खसरा

खांसने और छींकने से फैलता है खसरा

खसरा एक वायरल संक्रमण है। इसका शिकार सबसे अधिक बच्चे होते हैं। यह संक्रमित व्यक्ति के खांसने-छींकने से फैलता है। आमतौर पर संक्रमित बच्चे 10 दिन में ठीक हो जाते हैं, लेकिन कई मामलों में संक्रमण ठीक होने में हफ्तों का समय ले सकता है। बुखार, सूखी खांसी, बहती नाक, आंखों में सूजन और मुंह के अंदरूनी हिस्सों में सफेद दाग होने इसके लक्षण हैं। इससे बचाव के लिए संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में न आना और वैक्सीनेशन जरूरी है।

Advertisement