ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक सिस्टम फेल, 300 उड़ानें रद्द; हीथ्रो समेत कई एयरपोर्ट प्रभावित
क्या है खबर?
ब्रिटेन में आज (8 सितंबर) एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी आने के कारण बड़े स्तर पर हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इस वजह से कई बड़े एयरपोर्ट पर उड़ानों की आवाजाही बाधित हुई और करीब 300 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इसके अलावा, सैकड़ों उड़ानों में देरी हुई। हीथ्रो, गैटविक, मैनचेस्टर और स्टैनस्टेड समेत कई एयरपोर्ट पर यात्रियों को परेशानी हुई। एयरलाइंस ने यात्रियों से अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जांचने को कहा है।
वजह
क्यों हुई तकनीकी खराबी?
नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज (NATS) के मुताबिक, समस्या उसके फ्लाइट प्रोसेसिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण आई थी।
समाचार एजेंसी AP ने फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडर24के हवाले से बताया कि गड़बड़ी से लंदन फ्लाइट इंफॉर्मेशन रीजन में आने-जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ा है।
जानकारी मिलते ही NATS के इंजीनियरों ने खराबी का पता लगाकर सिस्टम ठीक करने का काम शुरू किया। बाद में NATS ने फिक्स लागू करने और सिस्टम के धीरे-धीरे सामान्य होने की जानकारी दी।
असर
कई बड़े एयरपोर्ट पर असर
फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के मुताबिक, हीथ्रो एयरपोर्ट पर करीब 100 उड़ानें रद्द हुईं, जबकि 367 उड़ानों में देरी हुई।
गैटविक पर करीब 250 उड़ानें देरी से हुईं, जो एयरपोर्ट की कुल उड़ानों का लगभग 31 प्रतिशत है। ल्यूटन, बर्मिंघम, एबरडीन, ग्लासगो और एडिनबर्ग एयरपोर्ट भी प्रभावित हुए।
डबलिन एयरपोर्ट ने भी UK से आने-जाने वाली कुछ उड़ानों में देरी की बात कही है। यात्रियों को एयरलाइन से अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचने को कहा गया है।
अन्य
एयरलाइंस ने भी दी जानकारी
ब्रिटिश एयरवेज और ईजीजेट समेत कई एयरलाइंस ने तकनीकी समस्या के कारण उड़ानों पर असर पड़ने की जानकारी दी है।
ब्रिटिश एयरवेज ने कहा कि परेशानी उसके नियंत्रण में नहीं है और उसकी टीमें यात्रियों को जल्द रवाना करने के लिए काम कर रही हैं। NATS ने कहा कि एयरस्पेस खुला है और उड़ानें चल रही हैं, लेकिन सेवा सामान्य होने में समय लगेगा।
इससे पहले भी तकनीकी गड़बड़ियों से ब्रिटेन में बड़े स्तर पर उड़ानें प्रभावित हुई हैं।