सगाई के जश्न से पहले मातम: तुर्की में मिनीबस पलटने से परिवार के सात चिराग बुझे
तुर्की के लाइस जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। एक परिवार के 7 लोगों की इसमें जान चली गई, जिनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। ये सभी लोग एक सगाई की पार्टी में जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे उनकी मिनीबस का टायर फट गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर पलट गई। मिनीबस में कुल 18 लोग सवार थे। इस हादसे में 9 अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय अधिकारियों ने जांच शुरू की, परिवारों को दी सांत्वना
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि दो लोगों ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि पांच अन्य ने अस्पताल पहुंचकर अपनी जान गंवा दी। जान गंवाने वालों में कई भाई-बहन और एक तीन साल का मासूम बच्चा भी शामिल था। गवर्नर मुरात जोरलुओग्लू ने अस्पतालों में भर्ती घायलों से मुलाकात की है। उन्होंने कहा कि उनके इलाज और स्वास्थ्य पर पूरी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।