फिलीपींस के स्कूल में हुई गोलीबारी में हमलावर समेत 3 की मौत, 8 अन्य छात्र घायल
क्या है खबर?
दक्षिणी फिलीपींस के मिंडानाओ द्वीप से एक बड़ी हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां के साउथ कोटाबाटो प्रांत के बंगा नगर में स्थित एक माध्यमिक स्कूल में शुक्रवार दोपहर अंधाधुंध गोलीबारी की घटना हुई। इस दुखद हादसे में हमलावर छात्र सहित कुल 3 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 8 अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्रों को अस्पताल में पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना
कैसे हुई गोलीबारी की घटना?
बंगा शहर के मेयर अल्बर्ट पालेंसिया ने रॉयटर्स को बताया कि यह घटना बंगा नेशनल हाई स्कूल में दोपहर डेढ़ बजे घटित हुई।
मारे गए छात्रों की उम्र 14 से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है, जिसमें 16 वर्षीय संदिग्ध हमलावर छात्र भी शामिल है, जिसने साथी छात्रों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाने के बाद खुद को भी गोली मार ली।
इसके बाद स्कूल में दहशत फैल गई और अन्य छात्र जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
हमला
आरोपी छात्र ने मजाक समझकर हंसने वाले छात्रों पर चलाई गोलियां
मेयर पालेंसिया ने स्कूल के छात्रों से मिली जानकारी के हवाले से एक हैरान करने वाला खुलासा किया।
उन्होंने कहा, "हमलावर छात्र दोपहर में अपने दोस्तों के पास जाकर बैठ गया और उसने कहा कि वह लंच के बाद अपने प्लान को अंजाम देगा। चूंकि, वह छात्र मजाक-मस्ती करने के लिए जाना जाता था, इसलिए उसके दोस्तों ने इसे भी मजाक समझा और हंसने लगे। हालांकि, लंच खत्म होते ही उसने छात्रों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी।"
जांच
घटना के संभावित कारणों की जांच जारी
स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं।
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, मेयर ने संकेत दिया है कि संबंधित छात्र कुछ समय से मानसिक तनाव और कम मनोबल का सामना कर रहा था, जिसका एक कारण शैक्षणिक प्रदर्शन और ग्रेड से जुड़ा हो सकता है।
अधिकारी घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए स्कूल प्रशासन और शिक्षकों से पूछताछ कर रहे हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।