LOADING...
बार-बार दुकान में घुस रहे थे दो पेंग्विन, न्यूज़ीलैंड की वेलिंगटन पुलिस ने हिरासत में लिया

बार-बार दुकान में घुस रहे थे दो पेंग्विन, न्यूज़ीलैंड की वेलिंगटन पुलिस ने हिरासत में लिया

Jul 18, 2019
08:09 pm

क्या है खबर?

अपराध करने पर पुलिस द्वारा लोगों को हिरासत में लिए जानें का मामला तो आपने कई बार देखा होगा, लेकिन क्या आपने किसी जानवर या पक्षी को हिरासत में लेने के बारे में सुना है? हाल ही में न्यूज़ीलैंड की वेलिंगटन पुलिस ने दो पेंग्विन को एक सुशी (जापानी पकवान) की दुकान में बार-बार घुसने पर हिरासत में लिया है। हालाँकि, कुछ देर हिरासत में रखने के बाद ही पुलिस ने दोनों पेंग्विन को छोड़ दिया। आइए जानें पूरा मामला।

बयान

परेशान होकर करनी पड़ी पुलिस में शिकायत: दुकानदार

दुकानदार ने बताया, "वो पेंग्विन से परेशान हो गया था। जब-जब वो उन्हें दुकान से बाहर निकालता था, उसके कुछ देर बाद वो दुकान में वापस पहुँच जाते थे। आख़िरकार परेशान होकर पुलिस से शिकायत करनी पड़ी।"

मामला

लगातार बढ़ रहे हैं पेंग्विन द्वारा दुकानदारों को परेशान करने के मामले

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि न्यूज़ीलैंड में पेंग्विन बहुतायत में हैं और उनके द्वारा दुकानदारों को परेशान करने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला वेलिंगटन में देखा गया। दरअसल, रेलवे स्टेशन के पास एक दुकानदार विनी मॉरिस को सोमवार की सुबह दुकान में पेंग्विन की आवाज़ सुनाई दी। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। यह पूरे घटना का वीडियो First UP नाम के ट्विटर पेज पर भी शेयर किया गया है।

ट्विटर पोस्ट

दुकान में यहाँ-वहाँ घूमते पेंग्विन

हिरासत

पहली बार किसी पेंग्विन को हिरासत में लिया गया

पुलिस ने दुकानदार विनी की शिकायत पर मौक़े पर पहुँचकर दोनों पेंग्विन को हिरासत में लिया और वेलिंगटन ज़ू की मदद से उन्हें वेलिंगटन हार्बर पर छोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, हार्बर पर लगभग 600 पेंग्विन के जोड़े रहते हैं। इनकी देखरेख का ज़िम्मा न्यूज़ीलैंड के संरक्षण विभाग के पास है। ख़बरों के अनुसार, न्यूज़ीलैंड में शायद यह पहला मामला है, जब किसी पेंग्विन को पुलिस ने हिरासत में लिया हो।

जानकारी

इंसानों को काट भी सकते हैं पेंग्विन

पेंग्विन के बढ़ते आतंक को देखकर वेलिंगटन के लोगों को इनसे दूर रहने की हिदायत भी दी गई है, क्योंकि ये इंसानों को काट भी सकते हैं। विनी के अनुसार, दोनों पेंग्विन काफ़ी डरे हुए दिखाई दे रहे थे, लेकिन वो काफ़ी ख़ूबसूरत थे।

ठिकाना

वेलिंगटन के कई घरों को पेंग्विन ने बनाया है अपना ठिकाना

बता दें कि नीली पेंग्विन की प्रजाति ख़तरे में है और उन्हें संरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। संरक्षण विभाग के मैनेजर जैक मेस के अनुसार, "इनके ब्रिडिंग सीज़न की शुरुआत होने वाली है, इसलिए ये सुरक्षित स्थान की तलाश कर रहे थे। सुरक्षित स्थान की तलाश में ही दोनों दुकान में जा पहुँचे और फ़र्नीचर ने नीचे छुप गए।" उन्होंने आगे कहा, "जानकारी मिली है कि पेंग्विन ने वेलिंगटन के कई घरों में अपना ठिकाना बनाया है।"

जानकारी

पेंग्विन पक्षी होने के बाद भी उड़ने में हैं असमर्थ

पेंग्विन जलिय समूह के ऐसे पक्षी हैं, जो उड़ने में असमर्थ हैं। ये दक्षिणी गोलार्ध, विशेष रूप से अंटार्कटिक में पाए जाते हैं। ये पानी में तैराकी करते समय पकड़ी गई मछलियों और जलिय जीवों को भोजन बनाते हैं। ये अपना आधा जीवन समुद्र में और आधा जीवन ज़मीन पर बिताते हैं। एंपरर पेंग्विन सबसे बड़ी पेंग्विन प्रजाति है, जिसके वयस्क की ऊँचाई औसतन 1.1 मीटर और वजन लगभग 35 किलोग्राम तक होता है।